फतेहाबाद साइबर पुलिस ने सात गुम मोबाइल फोन किए रिकवर, लोगों के चेहरों पर लौटी मुस्कान

Share

फतेहाबाद, 16 मार्च । साइबर थाना फतेहाबाद ने तकनीक का प्रभावी और सटीक उपयोग करते हुए विभिन्न शिकायतों में गुम हुए सात मोबाइल फोन ट्रेस कर उन्हें रिकवर किया है। यह मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग पांच लाख रुपये है। सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एसपी सिद्धांत जैन ने मोबाइल फोन मालिकों को व्यक्तिगत रूप से उनके फोन लौटाए। एसपी ने बताया कि साइबर थाना फतेहाबाद अब तक 483 से अधिक गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों तक पहुंचा चुका है। यह साइबर टीम की सतत सक्रियता, तकनीकी दक्षता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। साइबर थाना फतेहाबाद के प्रभारी निरीक्षक राहुल कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने आईएमईआई आधारित ट्रेसिंग, लोकेशन विश्लेषण और डिजिटल सर्विलांस के माध्यम से यह सफलता हासिल की। पूरे अभियान के दौरान शिकायतों की गहन जांच, डेटा विश्लेषण और त्वरित फॉलो-अप को प्राथमिकता दी गई। मोबाइल फोन वापस पाने वाले नागरिकों ने बताया कि फोन गुम होने के बाद उनकी उम्मीद लगभग समाप्त हो गई थी, लेकिन फतेहाबाद पुलिस की तत्परता और तकनीकी प्रयासों से उन्हें बड़ी राहत मिली। मोबाइल प्राप्त करने वाले लोगों में अमित कुमार निवासी किरढ़ा, अक्षय निवासी निवासी कालवान, आशा निवासी टोहाना मंडी, बाबा सिंह रतिया, विकास निवासी कबीर बस्ती, मोहम्मद इमरान निवासी हमजापुर तथा गौरव निवासी डांगरा शामिल हैं। एसपी सिद्धांत जैन ने कहा कि गुम हुए मोबाइल फोन लौटाना केवल एक तकनीकी उपलब्धि नहीं, बल्कि पुलिस की संवेदनशील, जिम्मेदार और जनहितैषी कार्यशैली का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि साइबर थाना फतेहाबाद न केवल साइबर अपराधों की रोकथाम में सक्रिय भूमिका निभा रहा है, बल्कि आम नागरिकों की दैनिक समस्याओं के समाधान के लिए भी पूरी तत्परता से कार्य कर रहा है।