देश में ऊर्जा संकट नहीं है, पैनिक बुकिंग से बचेंः केंद्र

Share

नई दिल्ली, 14 मार्च । पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच केंद्र सरकार ने कहा है कि देश में एलपीजी सिलेंडर की कही कोई कमी नहीं है। सरकार ने यह भी कहा कि लोगों को एलपीजी की पैनिक बुकिंग से बचना चाहिए।

नेशनल मीडिया सेंटर में शनिवार को पत्रकार वार्ता में पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव (मार्केटिंग और ऑयल रिफाइनरी) सुजाता शर्मा ने कहा कि भौगोलिक हालात को देखते हुए यह हमारे लिए चिंता की बात बनी हुई है। हालांकि अभी तक स्टॉक खत्म होने की कोई खबर नहीं है। उन्होंने कहा कि एलपीजी पैनिक बुकिंग के मामले बहुत ज्यादा हैं। शुक्रवार को जो आंकड़ा शेयर किया था उसमें लगभग 76 लाख बुकिंग—अब बढ़कर लगभग 88 लाख हो गई है।

उन्होंने कहा कि एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग के लिए लोगों को लाइन में खड़े होनी की आवश्यकता नहीं है। इस संबंध में उपभोक्ताओं को जागरुक करने के लिए तेल कंपनी को आदेश दिया गया है कि वे लोगों को डिजिटल बुकिंग के लिए प्रेरित करें। देश में सिलेंडर की कोई कमी नही है। सरकार द्वारा तय दिनों के अंदर लोगों को गैस सिलेंडर उपलब्ध होगा। डीलर उपभोक्ताओं को घरों में सिलेंडर पहुंचाएंगे।

उन्होंने कहा कि वाणिज्यिक एलपीजी उपभोक्ता को भी कुछ राहत देने के लिए उन्हें पीएनजी कनेक्शन देने का फैसला किया गया है। इसके साथ शुक्रवार को दिल्ली एनसीआर में वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने एनसीआर, जिसमें दिल्ली भी शामिल है, के उद्योगों, होटलों, रेस्तरां और अन्य प्रतिष्ठानों को एक महीने के लिए कोयला, लकड़ी जलाने के इस्तेमाल की अनुमति दे दी है। उन्होंने कहा कि सरकार कालाबाजारी रोकने के लिए लगातार छापेमारी और सरप्राइज निरीक्षण कर रही है।