मीरजापुर, 14 मार्च । लालगंज थाना क्षेत्र के बस्तरा फ्लाईओवर ब्रिज पर शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार मां-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक चालक और ट्रेलर चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रेलर अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर के दूसरे हिस्से की ओर झुककर लटक गया, जिससे कुछ देर तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
गाजीपुर जिले के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के हरीबल्लवपुर तिवारीपुर निवासी मनोज चौधरी (38) अपनी पत्नी रीता (35) और 12 वर्षीय बेटी सौम्या के साथ बाइक से मध्य प्रदेश जा रहे थे। परिवार वहां परवल की खेती करने के उद्देश्य से जा रहा था। बताया जा रहा है कि मीरजापुर की ओर से मध्य प्रदेश की तरफ जा रहा एक ट्रक ट्रेलर जब लालगंज क्षेत्र के बस्तरा फ्लाईओवर पर पहुंचा, तभी उसने आगे चल रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलर बाइक को करीब 50 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया।
हादसे में रीता और उनकी बेटी सौम्या की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे मनोज चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में ट्रेलर चालक रोहित तिवारी (35) निवासी लटियार हनुमना, जिला मऊगंज (मध्य प्रदेश) भी घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज पहुंचाया। चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मंडलीय अस्पताल मीरजापुर रेफर कर दिया।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद फ्लाईओवर पर कुछ समय तक यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर सामान्य कराया। थानाध्यक्ष अभय कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना के सम्बंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। मृतकों के परिजन को सूचना दे दी गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।