पंडित को अवसरवादिता से जोड़ना अनुचित: अभिजात मिश्रा

Share

लखनऊ,14 मार्च । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मंत्री अभिजात मिश्रा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर पुलिस सब-इंस्पेक्टर (एसआई) भर्ती परीक्षा में एक प्रश्न के विकल्प में “पंडित” लिखे होने पर आपत्ति जताते हुए विभागीय जांच कराने की मांग की है।

14 मार्च 2026 को आयोजित उत्तर प्रदेश पुलिस सब-इंस्पेक्टर (एसआई) भर्ती परीक्षा के हिंदी खंड में एक प्रश्न पूछा गया। प्रश्न: अवसर के अनुसार बदल जाने वाले के लिए एक शब्द में उत्तर दें। इसमें विकल्प के रूप में पंडित, अवसरवादी, निष्कपट और सदाचारी चार विकल्प थे।

अभिजात मिश्रा का कहना है कि यह प्रश्न स्पष्ट रूप से गलत फ्रेम किया गया है। सही अर्थ में “अवसर के अनुसार बदल जाने वाला” या “अवसरवादी” होता है, लेकिन विकल्पों में “पंडित” को शामिल करना एक विशेष समुदाय की भावनाओं को आहत करने वाला है। “पंडित” शब्द विद्वान, ज्ञानी और धार्मिक सम्मान से जुड़ा है, इसे अवसरवादिता जैसे नकारात्मक अर्थ से जोड़ना पूरी तरह अनुचित, असंवेदनशील और संभवतः जानबूझकर किया गया प्रतीत होता है। यह न केवल परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल उठाता है, बल्कि सरकार की छवि को धूमिल करने, जातीय तनाव पैदा करने और सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने का प्रयास भी लगता है। भाजपा नेता ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि प्रश्न तैयार करने वाले/पेपर सेट करने वाली कमेटी के जिम्मेदार व्यक्ति/व्यक्तियों के विरुद्ध तत्काल विभागीय जांच एवं कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।————–