परसापानी के ग्रामीणों ने अवैध रेत उत्खनन का किया विरोध

Share

धमतरी, 10 मार्च ।धमतरी जिले नगरी ब्लाक के ग्राम पंचायत परसापानी के सरपंच और ग्रामीणों ने गांव में हो रहे अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के विरोध में एसडीएम कार्यालय नगरी पहुंचकर एसडीएम के नाम ज्ञापन सौंपा। एसडीएम की अनुपस्थिति में ग्रामीणों ने नायब तहसीलदार को ज्ञापन देकर अवैध खनन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

ग्रामीण कृष्ण कुमार, संतोष कुमार मरकाम, पुरुषोत्तम ने बताया कि ग्राम परसापानी में स्थित छोटे आमानाला में सीमित मात्रा में रेत उपलब्ध है। ग्राम पंचायत द्वारा प्रस्ताव क्रमांक 10 के तहत आमानाला में रेत उत्खनन पर प्रतिबंध लगाया गया है, इसके बावजूद कुछ लोगों द्वारा रोजाना ट्रैक्टरों के माध्यम से अवैध रूप से रेत का उत्खनन और परिवहन किया जा रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि जब गांव के लोग अवैध उत्खनन को रोकने का प्रयास करते हैं तो रेत तस्करों द्वारा उन्हें जान से मारने की धमकी दी जाती है। इससे गांव में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

ज्ञापन सौंपने वालों में ग्राम सरपंच कांति देवी के साथ गोपी मेश्राम, गसुका उराम, रोहित कुमार, अमरिकाबाई, लताबाई, धनेश्वरी, कोमल सिंह, पूर्णिमा नेताम, पुष्पा नेताम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल थे। ग्रामीणों ने प्रशासन से अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन पर तत्काल रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो ग्रामीण आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।