परिवहन विभाग : विशेष जांच में 708 वाहनों के चालान, 32.17 लाख रुपये की वसूली

Share

जोधपुर, 09 मार्च । परिवहन विभाग मुख्यालय जयपुर के निर्देशानुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए निर्धारित राजस्व की शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रादेशिक परिवहन अधिकारी, जोधपुर के निर्देशन एवं पर्यवेक्षण में 8 मार्च को विशेष जांच अभियान संचालित किया गया। अभियान के तहत वाहनों से बकाया कर की वसूली तथा मोटर वाहन अधिनियमों के उल्लंघन पर प्रभावी कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान विभाग के विभिन्न आय स्रोतों से अधिकतम राजस्व वसूली के प्रयास किए जा रहे हैं। यात्री एवं भार वाहनों पर बकाया कर की वसूली के लिए विशेष अभियान चलाते हुए सख्त कार्रवाई की जा रही है तथा नियमों की अवहेलना करने वाले वाहनों को सीज किया जा रहा है। इसके साथ ही अन्य राज्यों में पंजीकृत ऐसे वाहन, जो राजस्थान राज्य में नियमित रूप से संचालित हो रहे हैं लेकिन राज्य का कर जमा नहीं करवा रहे हैं, उनके विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की जा रही है।

प्रादेशिक परिवहन अधिकारी जोधपुर ने बताया कि प्रवर्तन कार्रवाई के दौरान 1 मार्च से 8 मार्च तक मोटर वाहन अधिनियमों का उल्लंघन कर संचालित हो रहे 708 वाहनों के चालान बनाए गए, जिनसे 32.17 लाख रुपये की प्रशमन राशि वसूल की गई तथा 40 वाहनों को सीज किया गया।

उन्होंने बताया कि बकाया कर वाले वाहन स्वामियों तथा पुराने चालानों का अब तक निस्तारण नहीं करवाने वाले वाहन स्वामियों को परिवहन विभाग के कार्मिकों द्वारा दूरभाष के माध्यम से भी सूचित किया जा रहा है और उन्हें बकाया कर जमा कराने तथा चालानों का शीघ्र निस्तारण कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

प्रादेशिक परिवहन अधिकारी ने समस्त वाहन स्वामियों से अपील की है कि वाहन का संचालन करने से पूर्व उसका बकाया कर जमा कराना सुनिश्चित करें तथा वाहन से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज जैसे परमिट, फिटनेस, कर, बीमा, पीयूसी और ड्राइविंग लाइसेंस आदि पूर्ण होने पर ही वाहन को मार्ग पर संचालित करें, ताकि परिवहन विभाग द्वारा की जाने वाली सीज कार्रवाई से होने वाली असुविधा से बचा जा सके।