मंत्री विक्रमादित्य ने किया अनुपम राणा की पुस्तक का विमोचन

Share

मंडी, 19 फ़रवरी । शिक्षाविद् एवं लेखिका अनुपम राणा की नई प्रकाशित पुस्तक निष्कर्ष का विमोचन मंडी प्रवास पर आए लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने किया। हिमाचल प्रदेश के प्रतियोगी विद्यार्थियों के लिए यह पुस्तक जो निष्कर्ष -एचपी आर्ट्स निर्णायक समाधान के नाम से बेहद उपयोगी व ज्ञानवर्धक मानी जा रही है। पुस्तक का विमोचन करने के बाद विक्रमादित्य सिंह ने लेखिका की सराहना करते हुए कहा कि एचपी टेट की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए यह अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी और इसे शिक्षा के लिए क्षेत्र में एक सराहनीय प्रयास कहा जाएगा। यह पुस्तक विशेष तौर पर हिमाचल प्रदेश के शिक्षक पात्रता परीक्षा आर्ट्स वर्ग की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए तैयार की गई है। पुस्तक में विषयवार महत्वपूर्ण प्रश्न, सरल व्याख्या तथा परीक्षा उन्मुख सामग्री को शामिल किया गया है, जिसमें विद्यार्थियों की तैयारी में मदद मिलेगी। इस मौके पर अनुपम राणा ने बताया कि इस पुस्तक का उद्देश्य उन विद्यार्थियों तक गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री पहुंचाना है जो महंगी कोचिंग नहीं ले सकते हैं। पुस्तक को सरल भाषा और परीक्षा के नवीनतम पैटर्न के अनुसार तैयार किया गया है ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी इसका लाभ ले सकें। उनके अनुसार यह बहुत जल्द अभ्यर्थियों को उपलब्ध होगी।