जोधपुर, 16 फरवरी । आरोग्य भारती जोधपुर महानगर द्वारा संघ कार्यालय डॉ. हेडगेवार भवन नेहरू पार्क में संपूर्ण समाज के स्वास्थ्य विषय पर केंद्रित एक बैठक आयोजित की गई।
कार्यक्रम में राजस्थान क्षेत्र, उत्तर क्षेत्र के संयोजक और आरोग्य मित्र प्रशिक्षण योजना के अखिल भारतीय प्रमुख संजीवन कुमार, प्रांत संरक्षक बृज किशोर माथुर, प्रांत अध्यक्ष प्रो. गोविंद प्रसाद गुप्ता, जोधपुर महानगर अध्यक्ष पदम सिंह सहित प्रांत एवं महानगर के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक का शुभारंभ विधिवत भगवान धन्वंतरि की पूजा से हुआ, जिसके माध्यम से समाज के आरोग्य, कल्याण और सकारात्मक ऊर्जा की कामना की गई। इसके पश्चात परिचय सत्र में कार्यकर्ताओं ने अपने दायित्व का विवरण साझा किया। संजीवन कुमार ने अपने उद्बोधन में संपूर्ण समाज के स्वास्थ्य विषय को केंद्र में रखते हुए भारतीय स्वास्थ्य दृष्टिकोण की व्यापकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आरोग्य भारती का उद्देश्य केवल बीमारी का उपचार नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ बनाने की दिशा में कार्य करना है। उन्होंने योग एवं प्राणायाम के लाभ, व्यसन-मुक्ति की आवश्यकता, प्राथमिक उपचार का जन-जन में प्रसार, घरेलू उपचार का महत्व, वनौषधियों एवं औषधीय पौधों का उपयोग, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के माध्यम से स्वास्थ्य संवर्धन, गर्भ संस्कार के सांस्कृतिक एवं वैज्ञानिक पहलुओं, महिलाओं और बच्चों के सुपोषण, सामुदायिक स्वास्थ्य परीक्षण शिविरों तथा अध्यात्म और मानसिक शांति के गहरे संबंध पर विस्तार से चर्चा की।
इस अवसर पर जोधपुर प्रांत अध्यक्ष प्रो. गोविन्द प्रसाद गुप्ता ने आरोग्य भारती जोधपुर द्वारा संचालित गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।