पानीपत, 16 फ़रवरी । पानीपत के गांव बांध के पूर्व सैनिक रामनिवास कौशिक ने सोमवार को पूर्व से पश्चिम की साइकिल यात्रा की शुरुआत की। इसराना के एसडीएम नवदीप सिंह नैन ने यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह यात्रा करीब दो सौ किलोमीटर प्रतिदिन की दूरी तय करेगी ।
यह साइकिल यात्रा राजस्थान के जैसलमेर से होते हुए पूर्व में नेपाल सीमा तक जाएगी। रामनिवास कौशिक ने बताया कि यह यात्रा एकीक्रत पूर्व सैनिक संगठन’ के आह्वान पर देश में एकता और भाईचारे का संदेश लेकर शुरू की गई है। इससे पहले भी वो कश्मीर से कन्याकुमारी तक चार हजार 952 किलोमीटर की साइकिल यात्रा पूरी कर चुके हैं। एसडीएम नवदीप सिंह नैन ने रामनिवास कौशिक के अच्छे स्वास्थ्य और यात्रा के सफल समापन की कामना की।
एनसी मेडिकल कॉलेज के कमांडर कर्नल रामकुमार ने कौशिक को आश्वस्त किया कि फौजी संगठन उनकी यात्रा के दौरान स्वास्थ्य संबंधी अपडेट लेता रहेगा। उन्होंने कहा कि यह यात्रा अन्य रिटायर्ड फौजियों के लिए एक सकारात्मक संदेश देगी और समाज में नशे जैसी बुराइयों को दूर करने में सहायक सिद्ध होगी। एकीकृत पूर्व संगठन’ के अध्यक्ष स्क्वाड्रन लीडर डॉ. सुदीप सांगवान ने रिटायर्ड फौजी रामनिवास कौशिक को बधाई दी। इस अवसर पर इसराना के सरपंच राजेश जागलान सहित अन्य रिटायर्ड फौजी भी मौजूद रहे।