भोपाल में शादी समारोह से लौट रहे युवक की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

Share

भोपाल, 15 फ़रवरी । मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के गांधीनगर थाना क्षेत्र के अब्बास नगर में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। युवक शादी समारोह से घर लौट रहा था, तभी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक ने रविवार सुबह इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 32 वर्षीय मोहित सौदे गांधीनगर के टैगोर वार्ड का निवासी था और एक निजी स्कूल की बस चलाता था। शनिवार देर रात वह शादी समारोह से लौट रहा था। इसी दौरान अब्बास नगर स्थित ईस्टर्न पब्लिक स्कूल के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मोहित सड़क पर गंभीर रूप से घायल पड़ा था। राहगीरों ने घटनास्थल पर मिले उसके मोबाइल फोन से नंबर निकालकर उसके दोस्त को सूचना दी। दोस्त मौके पर पहुंचा और उसे भैंसाखेड़ी स्थित एक निजी अस्पताल ले गया, जहां रविवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

गांधीनगर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी वाहन चालक की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

पुलिस के अनुसार मोहित ने करीब 10 वर्ष पहले भोपाल की ही एक युवती से प्रेम विवाह किया था। उसके दो बेटे हैं—एक सात वर्ष का और दूसरा एक वर्ष का है। परिवार के अनुसार, 10 जनवरी को छोटे बेटे एकलव्य का जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया था। जन्मदिन के महज 35 दिन बाद ही पिता के असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।