अनूपपुर, 14 फ़रवरी । मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 43 पर शनिवार को आमाडांड मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से 25 वर्षीय युवक की मृत्यु हो गई। घटना में बाइक सवार दो अन्य युवक घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की सूचना पर 100 डायल और रामनगर पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिजुरी ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी सुमित कौशिक ने बताया कि मृतक की पहचान ग्राम फुलकोना निवासी महावीर चौधरी के 25 वर्षीय पुत्र दीपक चौधरी के रूप में हुई है। घायलों में रिंकू चौधरी और एक अन्य युवक शामिल हैं। दीपक चौधरी अपने पिता महावीर चौधरी और कुछ दोस्तों के साथ छत्तीसगढ़ के ग्राम चलचली में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। समारोह के बाद दीपक और उनके दो साथी बाइक से अपने गांव फुलकोना लौट रहे थे, जबकि उनके पिता उनके साथ नहीं लौटे। आमाडांड मार्ग पर पहुंचते ही उनकी बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों बाइक सवार गिर गए। बाइक चला रहे दीपक चौधरी को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद अन्य दोनों घायल युवक बिना किसी को बताए अपने घर चले गए थे। पुलिस को आशंका है कि युवक शराब के नशे में हो सकते थे। पुलिस दोनों घायल युवकों से पूछताछ कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।