मेयर का नहीं, मेयरपति बनने का चुनाव लड़ रहे बन्ना : सरयू

Share

पूर्वी सिंहभूम, 14 फ़रवरी । विधायक सरयू राय ने शनिवार को सोशल मीडिया के माध्यम से पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता पर हमला बोलते हुए कहा कि मानगो नगर निगम का चुनाव विकास और नई सोच का होना चाहिए, लेकिन कुछ लोग इसे मेयरपति बनने का माध्यम बना रहे हैं। राय ने तंज कसते हुए कहा कि ऐसा प्रतीत होता है मानो यह मेयर का नहीं, बल्कि मेयरपति का चुनाव हो रहा है।

उन्होंने कहा कि मानगो को घिसे-पिटे नेतृत्व की नहीं, बल्कि ऊर्जावान और नई पीढ़ी के प्रतिनिधित्व की जरूरत है। जनता को ऐसे उम्मीदवार का चयन करना चाहिए जो नगर निगम को मजबूत करे और केंद्र सरकार से मिलने वाली राशि का सही उपयोग करे। राय ने याद दिलाया कि मानगो को नगर निगम बनाने की मुहिम उन्होंने ही शुरू की थी ताकि क्षेत्र को सीधे अनुदान मिल सके।

राय ने आरोप लगाया कि बन्ना गुप्ता मुस्लिम वोटों के सहारे राजनीति में ऊंचा दिखने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि अब मुस्लिम मतों पर अन्य दावेदार भी सामने हैं, ऐसे में समाज को सोच-समझकर निर्णय लेना चाहिए।