बरसात के समय जिन सब स्टेशनों में पानी भर जाता है, उनको उंचा उठाया जाएगा।
अनिल विज मंगलवार
को शहर में वरिष्ठ होम्योपैथी चिकित्सक डॉ. योगेश बिदानी के आवास पर बातचीत कर
रहे थे। वे यहां डॉ. योगेश बिदानी के पौत्र के जन्मदिन के अवसर पर उन्हें आशीर्वाद
देने आए थे। बातचीत में मंत्री अनिल विज ने कहा कि खेदड़ में बिजली की नई यूनिट लगाई
जाएगी, इसके लिए हमें कोल आबंटन की मंजूरी मिल चुकी है।
उन्होंने कहा कि कोई भी थर्मल
लगाना है तो उसके लिए कोल की मंजूरी जरूरी होती है और यह हमें मिल चुकी है। ऐसे में
अब ये प्रक्रिया आगे बढ़ पाएगी। उन्होंने कहा कि बरसात के दिनों में कई जगह ये सामने
आया कि कई सब स्टेशनों में पानी भर गया और पूरे इलाके की बिजली काटनी पड़ी। यह तो ठीक
नहीं है कि पूरे इलाके को अंधेरे में रहना पड़े। ऐसे में हमने निर्देश दिए हैं कि ऐसे
सभी सब स्टेशनों को उंचा उठाया जाए ताकि भविष्य में उनमें पानी भरने व बिजली काटने
की नौबत न आए। एक सवाल के जवाब में अनिल विज ने कहा कि अभी प्रदेश में बिजली के रेट
बढ़ाने का कोई इरादा नहीं है।
भाजपा जिला मीडिया
प्रभारी राजेन्द्र सपड़ा ने बताया कि मंत्री अनिल विज यहां डॉ. योगेश बिदानी के पौत्र
के जन्मदिन पर उसे आशीर्वाद देने पहुंचेे थे। उन्होंने डॉ. योगेश बिदानी व उनके परिजनों
से कुशलक्षेम पूछी और बातचीत भी की। इस अवसर जिला अध्यक्ष डॉ. आशा खेदड़, मीडिया प्रभारी
राजेन्द्र सपड़ा, पार्टी नेता रामचन्द्र गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी
थे।