धर्मशाला, 03 फ़रवरी । पालमपुर पुलिस थाना के तहत फरार चल रहे नशे के आरोपी को गिरफ्तार कर उसे निवारक हिरासत में भेज दिया है। आरोपी शुभकरण उर्फ शिवु पुत्र राजेश कुमार, निवासी वार्ड नम्बर-2 पालमपुर के विरूद्ध थाना पालमपुर में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मादक पदार्थों की अवैध तस्करी से संबंधित चार मामले पंजीकृत हैं, जिनमें उसके कब्जे से चिट्टा तथा चरस जैसे नशीले पदार्थ की बरामदगी की गई थी। बार-बार गिरफ्तारी एवं जमानत पर रिहा होने के बावजूद आरोपी द्वारा नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी की गतिविधियां जारी रखने के तथ्य सामने आए थे।
जिस पर जिला कांगड़ा पुलिस द्वारा आरोपी शुभकरण उर्फ शिवु के खिलाफ पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत निवारक हिरासत के सम्बन्ध में 27 दिसम्बर 2025 को प्रोपोजल तैयार करके उच्चाधिकारियों के माध्यम से सक्षम प्राधिकारी को भेजा गया था।
जो उपरोक्त तथ्यों के आधार पर, सक्षम अधिकारी ने तीन माह की अवधि के लिए जिला जेल कांगड़ा स्थित धर्मशाला में निरुद्ध किए जाने के आदेश पारित किए गए थे लेकिन आरोपी शुभकरण उर्फ शिवु अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार चला आ रहा था। फरार चले आ रहे आरोपी शुभकरण उर्फ शिवु को पकड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे तथा एक विशेष गुप्त टीम का गठन करके जिला कांगड़ा व अन्य क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी जा रही थी। विशेष टीम ने मंगलवार को धर्मशाला के सिद्धवाड़ी से गिरफ्तार करके जिला कारागार कांगड़ा धर्मशाला में निवारक हिरासत पर भेज दिया गया है।