मीरजापुर की प्राचीन रामलीला कमेटी के वार्षिक चुनाव सम्पन्न

Share

मीरजापुर, 1 सितंबर । लगभग पांच सौ वर्ष पुरानी प्रतिष्ठित श्री रामलीला पुरानी दशमी पंचायती समिति की परंपरागत बैठक रविवार को चौबेटोला स्थित राजगद्दी के ऐतिहासिक रामभवन चबूतरे पर सम्पन्न हुई। जिले की इस सबसे प्राचीन संस्था की बैठक में वर्ष 2025-26 के लिए वार्षिक चुनाव संपन्न कराए गए।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए पूर्व अध्यक्ष भोलानाथ पाण्डेय ने कहा कि संस्था आध्यात्मिक परंपराओं को जीवंत रखने का कार्य निरंतर करती आ रही है। प्रतिवर्ष समिति के चुनाव के उपरांत भगवान श्रीराम की लीलाओं का मंचन कर आमजन को मर्यादापुरुषोत्तम के जीवन चरित्र से अवगत कराया जाता है। उन्होंने बताया कि राम वन गमन मार्ग, रावण वध और पंचमी का भारत मिलाप जैसे आयोजन न केवल धार्मिक आस्था के प्रतीक हैं बल्कि नई पीढ़ी को सीख भी प्रदान करते हैं।

चुनाव अधिकारी अशुकांत चुनाहे ने चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराते हुए नवनिर्वाचित पदाधिकारियों की घोषणा की। सर्वसम्मति से वरिष्ठ अधिवक्ता एवं डिस्ट्रिक्ट बार के पूर्व अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह को अध्यक्ष चुना गया। इसके अलावा ज्ञानचंद गुप्ता, शैलेन्द्र अग्रहरि और भोला नाथ साहू उपाध्यक्ष, अतिन कुमार गुप्ता मंत्री, मयंक गुप्ता, बृजेश उमर वैश्य और दीपचंद यादव उर्फ सेल्फी मैन उप मंत्री, विनोद केशरवानी कोषाध्यक्ष, नयन जायसवाल आय-व्यय निरीक्षक तथा गोवर्धन दास गुप्ता वस्तु व्यवस्थापक चुने गए।

चुनाव प्रक्रिया में पूर्व मंत्री राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, ओम प्रकाश गुप्ता, शशिकांत बरनवाल, सुभाष चंद्र सिंह, श्यामा प्रसाद जायसवाल, जितेंद्र अग्रहरि, वीरेंद्र मौर्या, शरद गोयल, अभय शंकर गुप्ता समेत सैकड़ों सदस्य उपस्थित रहे।