पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा और सांसद ने किया योगाभ्‍यास

Share

पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा और सांसद ने किया योगाभ्‍यास

पूर्वी सिंहभूम, 21 जून (हि.स.)। पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को महानगर भाजपा ने सभी मंडलों में पूरे उत्साह के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया।

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा और सांसद विद्युत वरण महतो ने भाग लेकर योग की महत्ता को रेखांकित किया और लोगों से इसे अपनी जीवनशैली में शामिल करने की अपील की।

पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने घोड़ाबांधा मंडल की ओर से साईं नाथ देवस्थानम प्रांगण में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम में भाग लिया। मौके पर उन्होंने कहा कि योग न केवल हमारी परंपरा है, बल्कि यह शरीर, मन और आत्मा को संतुलित रखने का सबसे प्रभावी माध्यम भी है। कार्यक्रम में आर्ट ऑफ लिविंग के प्रशिक्षकों ने लोगों को सरल योगासन सिखाया।

मंडल अध्यक्ष दीपक पाल और जिला मंत्री जितेंद्र राय सहित कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

साकची पश्चिम मंडल के योग कार्यक्रम में सांसद विद्युत वरण महतो ने हिस्सा लिया। उन्होंने धालभूम क्लब परिसर में कार्यकर्ताओं और आमजन के साथ योग किया। मौके पर उन्होंने योग को तनाव मुक्त जीवन की कुंजी बताई। सांसद ने कहा कि योग हमें प्रकृति और संस्कृति दोनों से जोड़ता है। मंडल अध्यक्ष बजरंगी पांडेय के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में कई लोगों ने भाग लिया।

जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा के नेतृत्व में शहर के चारों विधानसभा क्षेत्रों के 28 मंडलों में भाजपा कार्यकर्ताओं ने योग दिवस को मनाया।

सभी मंडलों में प्रशिक्षकों ने योग के लाभ बताए और योगाभ्यास कराया।

—————