अमृत भारत रेलवे स्टेशन के तहत गोविंदपुर स्टेशन का 22 मई को ऑनलाइन उद्घाटन करेंगे प्रधानमंत्री

Share

अमृत भारत रेलवे स्टेशन के तहत गोविंदपुर स्टेशन का 22 मई को ऑनलाइन उद्घाटन करेंगे प्रधानमंत्री

खूंटी, 20 मई (हि.स.)। अमृत भारत रेलवे स्टेशन के तहत विकसित रांची रेल डिवीजन के गोविन्दपुर रोड रेलवे स्टेशन का ऑनलाइन उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 मई को सुबह साढ़े नौ बजे करेंगे। इसके लिए गोविंदपुर रेलवे स्टेशन पूरी तरह तैयार है। 22 मई को प्रधानमंत्री द्वारा देश भर के 103 अमृत स्टेशनों के उद्घाटन-समर्पण कार्यक्रम में गोविन्दपुर रोड स्टेशन को भी शामिल किया गया है। गोविंदपुर रोड स्टेशन के विकास में लगभग 6.65 करोड़ रुपये की लागत आई है।

इस आशय की जानकारी वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक सह मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, रांची डिवीजन, दक्षिण पूर्व रेलवे शुची सिंह ने गोविंदपुर स्टेशन पर मंगलवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि स्टेशन को आधुनिक तकनीकों एवं यात्री-सुविधाओं के साथ इस प्रकार विकसित किया गया है कि यात्रियों को अधिकतम सुविधा, सुरक्षा एवं आराम प्रदान किया जा सके। इस कायाकल्प से गोविन्दपुर स्टेशन अब केवल एक ट्रांजिट पॉइंट नहीं, बल्कि एक भरोसेमंद यात्रा अनुभव का केंद्र बन जाएगा। इस दौरान वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक सह मुख्य जनसंपर्क अधिकारी 22 मई को होनेवाले कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा भी लिया एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए। मौके पर कर्रा की अंचल अधिकारी वंदना भारती समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

स्टेशन पर उपलब्ध प्रमुख सुविधाए

गोविंदपुर रेलवे स्टेशन के नये स्टेशन बिल्डिंग को आधुनिक वास्तुकला से सुसज्जित, टिकाऊ और हवादार बनाया गया है। साथ ही यात्रियों के बैठने के लिए प्रतिक्षालय बनाया गया है। इसके अलावा कम्प्यूटरीकृत आधुनिक टिकट काउंटर, धूप और बारिश से सुरक्षा युक्त हाई लेवल प्लेटफॉर्म, फुट ओवर ब्रिज, रैम्प व लिफ्ट की सुविधा, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, दिव्यांगजनों के लिए विशेष रैम्प, रेलिंग, टैक्टाइल पथ, पार्किंग सहित कई सुविधाएं मुहैया कराई गई है। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि गोविन्दपुर रोड स्टेशन का यह पुनर्विकास न केवल यात्रियों को सुविधा देगा, बल्कि स्थानीय व्यवसाय, पर्यटन एवं क्षेत्रीय विकास को भी बढ़ावा देगा।

—————