भोपाल, 16 अप्रैल । मध्य प्रदेश में गर्मी ने तेज तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। गुरुवार को प्रदेश के 16 जिलों में लू (हीट वेव) चलने की चेतावनी जारी की गई है। इस सीजन में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में जिलों के लिए अलर्ट जारी हुआ है। आने वाले चार दिनों तक कई इलाकों में गर्म हवाओं का असर बना रहेगा।
मौसम विभाग ने जिन जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है, उनमें रतलाम, झाबुआ, धार, अलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला और बालाघाट शामिल हैं। इससे पहले छिंदवाड़ा, पांढुर्णा और मंडला में लू जैसे हालात देखे जा चुके हैं। मौसम विभाग का कहना है कि अप्रैल के दूसरे पखवाड़े में आमतौर पर गर्मी बढ़ती है और इस बार भी यही ट्रेंड नजर आ रहा है। महीने के शुरुआती दिनों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के बाद 10 अप्रैल से तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हुई है, जो अब और प्रभावी होती दिख रही है।
बीते बुधवार को प्रदेश में गर्मी अपने चरम पर नजर आई। पहली बार 25 शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया। इंदौर और ग्वालियर इस सीजन के सबसे गर्म शहरों में शामिल रहे, जहां तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया। बढ़ती गर्मी को देखते हुए बुरहानपुर, हरदा और रतलाम में स्कूलों के समय में बदलाव भी किया गया है। छतरपुर जिले का नौगांव सबसे ज्यादा गर्म रहा, जहां पारा 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। खजुराहो में 42.2 डिग्री और रतलाम में 42 डिग्री तापमान रहा। नर्मदापुरम, सतना, मंडला, सीधी, शाजापुर सहित कई शहरों में तापमान 41 डिग्री से ऊपर रिकॉर्ड किया गया। वहीं, इंदौर, ग्वालियर, भोपाल, उज्जैन और जबलपुर जैसे बड़े शहरों में भी तापमान 39 से 40 डिग्री के बीच बना रहा।
मौसम विभाग के मुताबिक आज 16 अप्रैल से एक नया सिस्टम सक्रिय हो रहा है, लेकिन यह कमजोर रहेगा और इसका असर मुख्य रूप से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों तक सीमित रहेगा। फिलहाल प्रदेश में एक ट्रफ सक्रिय है, जो गर्मी को बढ़ाने में भूमिका निभा रहा है। गर्मी के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए विभाग ने एडवायजरी जारी की है। लोगों को पर्याप्त पानी पीने, धूप में लंबे समय तक बाहर न रहने और हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने की सलाह दी गई है।