राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा की तैयारियों की उपायुक्त ने की समीक्षा
खूंटी, 2 मई (हि.स.)। समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में शुक्रवार को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा के सफल संचालन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में प्रतिनियुक्त सभी दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, सशस्त्र बल और अन्य संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को ब्रिफिंग कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि चार मई को नीट परीक्षा का आयोजन होना है। उन्होंने बताया कि खूंटी में पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय में भी परीक्षा केंद्र बनाया गया है। यहां कुल 180 परीक्षार्थी परीक्षा में भाग लेंगे। परीक्षा का समय अपराह्न दो से पांच बजे तक परीक्षा का आयोजन किया जाएगा।
परीक्षा के आयोजन को लेकर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की ओर से प्रधानाध्यापक केंद्रीय विद्यालय खूंटी को सिटी कॉर्डिनेटर के रूप नियुक्त किया गया है। ब्रीफिंग में उपायुक्त ने परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से परीक्षा सम्पन्न कराने एवं अधिकारियों को उनके दायित्वों की जानकारी दी।
उन्होंने प्रश्नपत्रों की गोपनीयता बनाए रखने, कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने, विद्युत आपूर्ति, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता तथा आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने को लेकर की गई तैयारियों की समीक्षा कर कई आवश्यक निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा केंद्र में परीक्षार्थियों के बैठने के लिए बेंच डेस्क की पर्याप्त व्यवस्था रहे, सीसी टीवी पूरी तरह से फंक्शनल हो, पेयजल और शौचालय की व्यवस्था रहे, एम्बुलेंस की व्यवस्था रहे, प्रतिनियुक्त पदाधिकारी, दंडाधिकारी, पुलिस बल के जवान समय पर अपने स्थान पर उपस्थित रहे और सक्रिय होकर अपना कार्य करें।
पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षा केंद्रों की निगरानी और अभ्यर्थियों की भीड़ प्रबंधन के बारे में विशेष दिशा-निर्देश दिए। बैठक में अनुमण्डल पदाधिकारी, अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी खूंटी और तोरपा, डीसीएलआर, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, पुलिस विभाग के पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
—————