टोहाना कोर्ट में युवक से मारपीट कर अगवा करने का प्रयास, केस दर्ज
फतेहाबाद, 22 अप्रैल (हि.स.)। तारीख पर टोहाना कोर्ट आए एक युवक के साथ कुछ लोगों द्वारा मारपीट कर उसे अगवा करने का प्रयास करने का मामला सामने आया है। इस मामले में टोहाना पुलिस ने मंगलवार को आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में राजनगर टोहाना निवासी मनजीत सिंह ने कहा है कि गत दिवस सुबह वह टोहाना कोर्ट में तारीख पर गया हुआ था। वहां मौजूद आजाद पुत्र रामफल, अजय नाई, विनोद उर्फ चिकना, करमू, दीपक व 10-12 अन्य लोगों ने कोर्ट परिसर में ही उसके साथ गाली-गलौच व हाथापाई करनी शुरू कर दी। इन लोगों ने उसे अगवा करने की कोशिश की और जान से मारने की धमकियां देने लगा। उसने बड़ी मुश्किल से अपनी जान बचाई। मनजीत ने आरोपियों से स्वयं की जान को खतरा बताा और कहा कि इससे पहले भी आरोपियों ने 4 अप्रैल को उसे अगवा कर गवाही रोकने की कोशिश की थी। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।