प्रयागराज, 10 नवंबर । कटघर स्थित प्रयागेश्वर जगन्नाथ मंदिर काशीराज नगर में मंगलवार को श्री जगन्नाथ महोत्सव समिति ट्रस्ट एवं काशीराज नगर उत्थान समिति की ओर से गोवर्धन महाराज का अन्नकूट उत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भगवान जगन्नाथ का गोवर्धन स्वरूप में अलौकिक श्रृंगार किया गया। 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाकर विधि-विधान से पूजन-अर्चन और आरती की गई। मंदिर में दीपदान के साथ श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
कार्यक्रम में ट्रस्ट के अध्यक्ष दुर्गा प्रसाद गुप्ता ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से अन्नकूट पूजा संपन्न कराई। इसके बाद समिति के मंत्री गगन दास गुप्ता ने भगवान गोवर्धन गिरधारी को 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया।
रथयात्रा संयोजक राजेश केसरवानी ने बताया कि अन्नकूट उत्सव के अवसर पर भगवान जगन्नाथ का गोवर्धन स्वरूप में विशेष श्रृंगार किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक रंगोली और दीपों से सजाया गया। दीपदान और आरती के बाद भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया।
भगवान का विशेष श्रृंगार कार्तिकेय श्रीवास्तव, आयुष गुप्ता, अक्षत चौहान, यथार्थ साहू और इशांत श्रीवास्तव ने किया।
इस अवसर पर अमर रस्तोगी, पूर्व पार्षद विजय वैश्य, पूर्व पार्षद उमेश चंद्र जायसवाल, शशिकांत जायसवाल, दाऊ दयाल गुप्ता, जयराम गुप्ता, त्रिलोकी केसरवानी, हैप्पी कसेरा, सुनील कुमार, अजय अग्रहरि, कमलेश जायसवाल, लता उपाध्याय सहित ट्रस्ट के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
