अमृतपाल सिंह को दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति दिलाने की मांग

Share

चंडीगढ़, 10 नवंबर । असम की डिब्रूगढ़ केंद्रीय जेल में बंद खडूर साहिब के सांसद अमृतपाल सिंह को उनकी दादी माता चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति दिलाने के लिए अकाली दल वारिस पंजाब दे ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से हस्तक्षेप की मांग की है। पार्टी ने दोनों नेताओं को अलग-अलग पत्र लिखकर मामले में जल्द कार्रवाई करने की अपील की है।

पार्टी के महासचिव मनदीप सिंह सिद्धू की ओर से हस्ताक्षरित पत्र में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से अनुरोध किया गया है कि वे पंजाब और असम सरकारों के साथ-साथ संबंधित अधिकारियों के बीच समन्वय स्थापित करें, जिससे कि अमृतपाल सिंह को अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति देने के लिए आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके।

पार्टी ने सांसद को अंतरिम जमानत या कानून के तहत उपलब्ध किसी अन्य व्यवस्था के माध्यम से अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति देने की मांग की है। इसके साथ ही सक्षम अदालत के आदेशों और कानूनी प्रावधानों के अनुरूप उनके सुरक्षित परिवहन और पुलिस सुरक्षा की व्यवस्था करने का भी अनुरोध किया गया है।

मनदीप सिंह सिद्धू ने कहा कि परिवार के किसी सदस्य के अंतिम संस्कार में शामिल होने का अवसर मानवीय गरिमा से जुड़ा विषय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी किसी विशेष सुविधा या कानून से छूट की मांग नहीं कर रही है, बल्कि एक पोते को अपनी दादी के अंतिम दर्शन करने और उन्हें विदाई देने का अवसर देने की अपील कर रही है।

सिद्धू ने कहा कि यह मामला समय की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील है। इसलिए केंद्र और राज्य सरकारों को मानवीय आधार पर तत्काल पहल करनी चाहिए।