यूपी के हमीरपुर में चंद्रावल नदी पुल निर्माण के लिए हुआ शिलान्यास

Share

हमीरपुर, 07 नवंबर । उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में बांदा एवं हमीरपुर की सीमा में बहने वाली चंद्रावल नदी में कैथी गडरिया मार्ग में आवागमन सुगम बनाने के लिए शनिवार को जलशक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद ने सदर विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति के साथ पुल का शिलान्यास किया। इस पुल के बनने से दोनों जनपदों के दर्जनों गांवों के लोगों को आवागमन में सहुलियत मिलेगी।

शनिवार को कैथी गड़रिया मार्ग में बहने वाली चंद्रावल नदी में पुल के निर्माण का शिलान्यास जल शक्ति राज्य मंत्री ने सदर विधायक के साथ मिलकर किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष शकुंतला निषाद, जिला मंत्री कैथी प्रधान अरिमर्दन सिंह, पूर्व प्रधान रामसजीवन निषाद, जानकी प्रसाद आदि मौजूद रहे। इस पुल के बनने से बांदा जनपद के जसपुरा एवं पैलानी तथा हमीरपुर के सुमेरपुर एवं मौदहा क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी सहूलियत मिलेगी। इस पुल का निर्माण 24885.67 लाख (248.86 कराेड़) से होना है।

इस दीर्घ सेतु के निर्माण से गड़रिया, गौरी, बहोडरी, जसपुरा, सिकुआं, कुंडाडोल, पड़वनिया, सिकहुला, नजिता, इसौली, कैथी, केसवाही, परहटा, टोला, बैजमऊ, बेरी, गढ़हा, कुटी, बरहटा एवं सिरामपुर आवरा सहित आसपास के गांवों को बेहतर आवागमन सुविधा प्राप्त होगी। परियोजना से लगभग दाे लाख 80 हजार की आबादी सीधे लाभान्वित’ होगी। चन्द्रावल नदी पर सेतु बन जाने से ग्रामीणों को नदी पार करने में होने वाली कठिनाइयों से राहत मिलेगी तथा गांवों के बीच संपर्क और आवागमन अधिक सुगम एवं सुरक्षित हो सकेगा।