नई दिल्ली, 07 नवंबर । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी पर तीखा हमला बोला।
चुग ने कहा कि कांग्रेस को श्रीराम मंदिर का निर्माण पच नहीं रहा है। भारत ऋषि-मुनियों और तपस्वियों की भूमि है, भारत की संस्कृति का अपमान मत करिए। भारत में विरासत और विकास दोनों एक साथ आगे बढ़ रहे हैं। श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर का निर्माण, वाराणसी में श्री काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और श्री स्वर्ण मंदिर के आसपास कॉरिडोर इसके प्रमाण हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय मुख्यालय प्रभारी एवं सांसद तरुण चुग ने शनिवार को मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया कि श्रीराम मंदिर के निर्माण को रोकने में कांग्रेस लगी थी, उनके नेताओं ने कोर्ट में हलफनामा दिया था। उन्होंने सवाल उठाया कि आपातकाल लगाकर संवैधानिक और नागरिक अधिकारों को किसने कुचला? 1984 के समय गांधी-नेहरू परिवार के आदेशों पर कत्लेआम हो रहा था, तब आप कहां थीं? देश इन सवालों का जवाब चाहता है।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने एक अखबार में लिखे लेख में कहा था कि पिछले 12 वर्षों में देश के लोकतांत्रिक ढांचे, संवैधानिक संस्थाओं और सामाजिक ताने-बाने को भारी नुकसान पहुंचाया गया है।
अब लोगों को इस नुकसान का एहसास होने लगा है और वे मौजूदा हालात को लेकर बेचैन हैं।
