पूर्वी सिंहभूम, 21 नवंबर । टाटा स्टील के खेल विभाग की ओर से जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्थित मोहन आहूजा स्टेडियम में आयोजित अंतर-विभागीय (आईडी) बैडमिंटन टूर्नामेंट का शनिवार को रोमांचक मुकाबलों के साथ समापन हुआ।
प्रतियोगिता में टाटा स्टील की 36 इकाइयों के कुल 160 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। पांच अलग-अलग वर्गों में आयोजित इस टूर्नामेंट के दौरान करीब 250 मुकाबले खेले गए, जिसमें खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल, प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया।
महिला टीम स्पर्धा में एनआईएनएल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया, जबकि एईएम की टीम उपविजेता रही। टीएसके को तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। वहीं, पुरुष टीम स्पर्धा में ओएमक्यू ने खिताब अपने नाम किया। एईएम दूसरे और ईएंडपी तीसरे स्थान पर रहा।
समापन समारोह में टाटा स्टील के एएफ ब्लास्ट फर्नेस के चीफ बसंत कुमार सिंह और स्पोर्ट्स के चीफ मुकुल विनायक चौधरी उपस्थित थे। दोनों अधिकारियों ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए सभी प्रतिभागियों के प्रदर्शन की सराहना की।
