इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (आईएफएफआई) के चौथे दिन पॉलिसी टू पिक्चर : बिहार सिनेमैटिक राइज विषय पर बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम द्वारा आयोजित पैनल चर्चा में प्रोड्यूसर सागर श्रीवास्तव एवं तनाया अदकर प्रभु ने बिहार में फिल्म शूटिंग से जुड़े अनुभवों को साझा किया। वहीं, अभिनेता पंकज झा ने लीक से हटकर कहानी चुनने पर बल दिया।
मौके पर मौजूद इंडियन मोशन पिक्चर एसोसिएशन (इंपा) के अध्यक्ष अभय सिन्हा ने फिल्म निर्माताओं से बिहार में फिल्म की शूटिंग करने की अपील की। फिल्म निगम के परामर्शी (फिल्म) प्रो. अरविंद रंजन दास ने फिल्म नीति और शूटिंग की अनुमति तथा अनुदान के लिए आवेदन की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बिहार में 50 फीसदी शूटिंग करने पर बिहार की स्थानीय भाषाओं पर 50 फीसदी एवं अन्य भाषाओं पर 25 फीसदी अनुदान का प्रावधान है।
उन्होंने कहा कि फिल्म निगम के पोर्टल पर फिल्म निर्माता, वेंडर और कलाकार अपना रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं, वहीं निर्माता निगम के डेटाबेस से कलाकारों और वेंडर का चुनाव कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि बिहार के स्थानीय कलाकारों को फिल्म में भूमिका देने पर 50 फीसदी अतिरिक्त अनुदान मिलेगा।
पंकज झा ने कहा कि बिहार में हमेशा से फिल्में शूट होती रही है, राज्य में फिल्म नीति लागू होने के बाद फिल्म निर्माण की गति में तेजी जरूर आई है। उन्होंने कहा कि बिहार बुद्ध और महावीर की धरती है और उसे उसी ज्ञान की परंपरा के लिए जाना जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सिनेमा एक चेतनशील समाज के निर्माण के लिए सशक्त माध्यम बन सकती है। हमें ऐसी कहानी को चुनना होगा जो इंसान को जागृत करे।
सागर श्रीवास्तव ने कहा कि उनकी फिल्म टिया की शूटिंग उत्तराखंड में करने की योजना थी, लेकिन प्रशासनिक सहयोग और बिहार फिल्म निगम के प्रबंध निदेशक प्रणव कुमार(भा. प्र. से.) के सहयोग से उन्होंने वाल्मीकि नगर में फिल्म का सेट बनाकर शूटिंग पूरी की है।
उन्होंने कहा कि फिल्म की शूटिंग के दौरान स्थानीय लोगों ने आगे बढ़कर सहयोग किया। इस दौरान स्वयंसेवी संस्थान जीविका दीदी ने पूरी टीम के लिए खान-पान की जिम्मेदारी संभाली।
उन्होंने कहा कि उनके सीनियर बोलते थे कि बिहार में लोकेशन अच्छा नहीं है और प्रशासनिक सहयोग नहीं मिल पाता है। लेकिन टिया फिल्म देखने के बाद आपको बिहार जाने का मन करेगा। इस फिल्म की शूटिंग के दौरान प्रशासन और स्थानीय लोगों का पूरा सहयोग मिला है। हिंदी फिल्म टिया की पूरी शूटिंग राज्य के विभिन्न जगहों में हुई है।
तनाया अदकर प्रभु ने त्वरित और सहज शूटिंग परमिशन के लिए बिहार फिल्म निगम के प्रबंध निदेशक प्रणव कुमार और महाप्रबंधक रूबी का धन्यवाद देते हुए कहा कि ऑनलाइन शूटिंग परमिशन की पूरी प्रक्रिया कुछ मिनटों में पूरी हो गई।
उन्होंने कहा कि उन्हें इस हद तक प्रशासनिक सहयोग मिल कि उनकी फिल्म की शूटिंग के दौरान एक थाने को 5 दिनों के लिए खाली करवा दिया गया था।
उन्होंने कहा कि बिहार में प्रतिभा की कोई कमी नहीं, फिल्म के ज्यादातर कलाकार और तकनीशियन बिहार के हैं। वर्कशॉप के दौरान शूटिंग करने के वाबजूद फिल्म की शूटिंग तय समय में पूरी हुई और हमने एक दिन भी खाली बैठकर नहीं बिताया।
उन्होंने कहा कि दरभंगा में तालाब, महाराज का किला और मनोकामना मंदिर जैसे खूबसूरत और यूनिक शूटिंग लोकेशन हैं।
इंडियन मोशन पिक्चर एसोसिएशन (इंपा) के अध्यक्ष अभय सिन्हा ने एसोसिएशन के सभी 40 हजार सदस्यों से बिहार में फिल्म की शूटिंग की अपील करते हुए कहा कि बिहार के लोगो को महराष्ट्र में समस्या हो सकती है, लेकिन बिहार में किसी मराठी को अपना काम करने में कोई समस्या नहीं होती है। उन्होंने कहा कि विदेशों में 50 से ज्यादा फिल्म शूट करने के बाद वह बिहार का रुख कर रहे हैं।
फिल्म समीक्षक कोमल नाहटा ने कहा कि फिल्म नीति लागू होने के बाद बिहार में जिस तरह से फिल्म की शूटिंग में तेजी आई है उसका सकारात्मक प्रभाव पर्यटन सहित कई क्षेत्रों में दिखेगा।
