फ्लोरिडा, 02 नवंबर । अमेरिका के दक्षिण फ्लोरिडा में रविवार को एक भीषण विमान हादसा हो गया। पाम बीच काउंटी के क्रेस्टहेवन इलाके में एक निजी बिजनेस जेट रिहायशी क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में विमान में सवार सभी 9 लोगों की मौत हो गई। विमान घरों और कारों से कुछ ही मीटर की दूरी पर गिरा। हालांकि, जमीन पर किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
ने फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) के हवाले से बताया कि, दुर्घटनाग्रस्त विमान लियरजेट 60 था। यह विमान टेक्सास के ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम इंटरनेशनल एयरपोर्ट से बहामास के नॉर्थ एलेउथेरा एयरपोर्ट के लिए रवाना हुआ था। स्थानीय समयानुसार रविवार दोपहर करीब 12:50 बजे विमान क्रैश हो गया।
अमेरिकी परिवहन सचिव शॉन डफी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर घटना की पुष्टि करते हुए इसे भयावह त्रासदी बताया। उन्होंने कहा कि नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (एनटीएसबी) की जांच में सहयोग के लिए एफएए के कर्मचारी घटनास्थल पर भेजे गए हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लाइवएटीसी.नेट पर उपलब्ध कॉकपिट ऑडियो रिकॉर्डिंग में दुर्घटना से कुछ समय पहले पायलट को विमान पर बर्फ जमने की समस्या का जिक्र करते सुना गया। शुरुआत में पायलट ने स्थिति को संभालने योग्य बताया, लेकिन कुछ ही देर बाद उसने विमान के तेजी से ऊंचाई खोने की जानकारी दी। इसके तुरंत बाद क्रू ने घबराते हुए कहा कि विमान जमीन से टकराने वाला है। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है और इसकी आधिकारिक जांच की जा रही है।
फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डेसेंटिस ने हादसे को विनाशकारी बताया है। उन्होंने कहा कि विमान तेजी से नीचे गिरता हुआ किसी मिसाइल जैसा दिखाई दे रहा था और सड़क के किनारे एक बड़ा गड्ढा बन गया। हादसे के बाद सामने आए वीडियो में विमान के मलबे के आसपास आग की लपटें और धुएं का गुबार दिखाई दिया। दुर्घटना के बाद इलाके में आपातकालीन सेवाओं को तैनात किया गया और सुरक्षा के मद्देनजर कई सड़कें बंद कर दी गईं।
यह दुर्घटना अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मार-ए-लागो एस्टेट से कुछ किलोमीटर की दूरी पर हुई। पाम बीच काउंटी फायर रेस्क्यू ने लोगों से घटनास्थल से दूर रहने की अपील की। वहीं, पाम बीच शेरिफ कार्यालय ने क्रेस्टहेवन बुलेवार्ड और 10वें एवेन्यू नॉर्थ के बीच मिलिट्री ट्रेल पर उत्तर और दक्षिण दिशा के रास्तों को बंद कर दिया।
अमेरिकी संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (एनटीएसबी) संयुक्त रूप से इस हादसे की जांच कर रहे हैं। जांच एजेंसियां विमान के तकनीकी रिकॉर्ड, कॉकपिट ऑडियो और दुर्घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की पड़ताल करेंगी।
