शिक्षा के मंदिर में दंडवत छात्र नेता, अधिकारियों के पैरों पर गिरकर मांगी 20 हजार छात्रों के भविष्य की भीख

Share

पूर्णिया, 29 नवंबर । पूर्णिया विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली और शैक्षणिक अव्यवस्था के खिलाफ छात्र नेताओं ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। छात्र नेता डॉ. आलोक राज, पीयूष पुजारा एवं अन्य छात्र नेता दंडवत करते हुए विश्वविद्यालय पहुंचे और अधिकारियों के पैरों पर गिरकर करीब 20 हजार छात्रों का भविष्य बचाने की गुहार लगाई। गांधीगिरी के माध्यम से छात्र नेताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन को उसकी जिम्मेदारियों का एहसास कराने का प्रयास किया।

छात्र नेताओं ने सवाल उठाया कि आखिर इन हजारों छात्रों का अभिभावक कौन है? विद्यार्थियों ने ऐसा क्या अपराध किया है कि उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। किसी का परीक्षा परिणाम लंबित है, किसी की परीक्षा नहीं हो रही है, तो किसी को परीक्षा फॉर्म भरने के बावजूद प्रवेश पत्र नहीं मिल रहा है। ऐसी अनेक शैक्षणिक विसंगतियों के कारण विद्यार्थी मानसिक रूप से परेशान हैं।

छात्र नेताओं ने कहा कि सीमांचल के अधिकांश विद्यार्थी सामान्य एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं। उनके भविष्य को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन की उदासीनता बेहद चिंताजनक है। आखिर अपनी समस्याओं को लेकर ये विद्यार्थी कहां जाएं और किसके सामने फरियाद करें?मामला कल दिनांक 28 नवंबर शनिवार की है।

गौरतलब है कि विश्वविद्यालय की बदहाल शैक्षणिक व्यवस्था को लेकर लगातार छात्र आंदोलन कर रहे हैं। कभी कटोरा लेकर प्रमाणपत्रों की भीख मांगी जा रही है, तो कभी दंडवत होकर अधिकारियों से भविष्य बचाने की गुहार लगाई जा रही है। ऐसे में बड़ा सवाल है कि जिस विश्वविद्यालय पर विद्यार्थियों का भविष्य संवारने की जिम्मेदारी है, आखिर उसी विश्वविद्यालय में भविष्य बचाने के लिए छात्रों को अधिकारियों के पैरों पर क्यों गिरना पड़ रहा है?