खोले के हनुमानजी मंदिर में अन्नकूट महोत्सव ढाई लाख श्रद्धालुओं ने ग्रहण की प्रसादी

Share

जयपुर, 29 नवंबर । दिल्ली बाईपास स्थित प्रसिद्ध श्री खोले के हनुमानजी मंदिर में रविवार को 66वां लक्खी अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ आयोजित किया गया। रविवार सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। सुबह 10 बजे भगवान का 108 प्रकार के द्रव्यों से महाभिषेक किया गया। इसके बाद हनुमानजी महाराज को 30 किलो चांदी से निर्मित विशेष पोशाक धारण कराई गई। मंदिर परिसर को एक क्विंटल फल एवं सब्जियों से सजाया गया। सुबह 11 बजे महाआरती के साथ महोत्सव का शुभारंभ हुआ। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, हवामहल विधायक बालमुकुंदाचार्य सहित शहर के प्रमुख संत-महंत, धर्माचार्य एवं गणमान्य लोग शामिल हुए। वसुंधरा राजे ने बालाजी की आरती उतारी और संत-महंतों से आशीर्वाद लिया।

श्री नरवर आश्रम सेवा समिति खोले के हनुमान जी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष गिरधारी लाल शर्मा ने बताया कि महाआरती के बाद बालाजी महाराज को छप्पन भोग अर्पित किया गया। छप्पन भोग में 80 से 85 प्रकार की मिठाइयां एवं नमकीन शामिल की गईं। इसमें करीब 10 क्विंटल लड्डू, 15 क्विंटल नमकीन, 5 क्विंटल पेठा, 4 क्विंटल मठरी तथा 300 किलो मावे से तैयार विभिन्न मिठाइयां शामिल रहीं। इसके अलावा बंगाली मिठाइयां, मूंग के लड्डू, मीठी और नमकीन पूरी भी भोग में सजाई गईं। भगवान को भोग लगाने के बाद दोपहर 12 बजे से श्रद्धालुओं के लिए पंगत प्रसादी शुरू हुई, जो रात 12 बजे तक जारी रही।

महोत्सव का प्रमुख आकर्षण मंदिर परिसर में 35 टन बर्फ से सजाई गई केदारनाथ ज्योतिर्लिंग की भव्य झांकी रही। इसके दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। वहीं, अन्नकूट प्रसादी तैयार करने के लिए 61 भट्ठियों और 22 चूल्हों पर लकड़ी की आंच से भोजन बनाया गया। इसके लिए जमवारामगढ़ से 25 से 26 गाड़ी लकड़ी मंगवाई गई। करीब 350 से 500 हलवाई प्रसादी तैयार करने में जुटे रहे। भोजन में चावल, मूंग, चोला, बाजरा, कढ़ी, गट्टे की सब्जी, पकौड़ी, सूजी का हलवा और 20 से 25 प्रकार की सब्जियों से मिक्स सब्जी तैयार की गई।

अन्नकूट की मिक्स सब्जी बनाने के लिए 258 क्विंटल से अधिक सब्जियां मंगवाई गईं। इनमें 50 क्विंटल आलू, 50 क्विंटल गोभी, 50 क्विंटल मूली, 25 क्विंटल गाजर, 20-20 क्विंटल पालक और टमाटर, 15 क्विंटल पत्ता गोभी, 10 क्विंटल बैंगन, 5 क्विंटल लौकी और 4 क्विंटल हरी मिर्च सहित अन्य सब्जियां शामिल थीं। कढ़ी तैयार करने के लिए 10 क्विंटल बेसन और करीब 40 क्विंटल दही का उपयोग किया गया।

मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष लक्ष्मण रावत ने बताया कि ढाई लाख श्रद्धालुओं के लिए कढ़ी तैयार करना बड़ी चुनौती थी। इसके लिए चार बड़े कड़ाहों में एक साथ करीब 40 हजार लोगों के लिए कढ़ी तैयार की गई। बाद में इसे बड़े भगोनों में दो से तीन घंटे तक पकाया गया। तैयार कढ़ी को पाइपलाइन के माध्यम से कैनों में भरकर टेंपो से भोजनशाला तक पहुंचाया गया।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर परिसर में 13 भोजन ब्लॉक बनाए गए, जिनमें एक साथ करीब 10 हजार लोगों के बैठकर भोजन करने की व्यवस्था रही। करीब ढाई लाख श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी तैयार की गई। दोपहर 3.30 बजे तक एक लाख से अधिक श्रद्धालु प्रसादी ग्रहण कर चुके थे। भोजन तैयार करने, परोसने और अन्य व्यवस्थाओं के लिए करीब 4500 कार्यकर्ता एवं स्वयंसेवक लगाए गए। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिसकर्मी तैनात रहे। मंदिर आने वाले वाहनों की पार्किंग करीब एक किलोमीटर पहले गोशाला के पास बनाई गई तथा वहां से मंदिर तक श्रद्धालुओं के लिए अलग पैदल मार्ग की व्यवस्था की गई।

महोत्सव में धार्मिक सौहार्द की अनूठी मिसाल भी देखने को मिली। मंदिर के पास स्थित मुस्लिम संप्रदाय की हड्डी शाह मजार पर मंदिर की ओर से बैंड-बाजे के साथ चादर, मिठाई और अन्नकूट का प्रसाद चढ़ाया गया। वहीं, मजार से जुड़े मुस्लिम समुदाय के लोग भी माला और प्रसाद लेकर मंदिर पहुंचे तथा पूजा-अर्चना की।

श्री नरवर आश्रम सेवा समिति के महामंत्री बृजमोहन शर्मा ने बताया कि वर्ष 1971 में अन्नकूट महोत्सव की शुरुआत के समय से ही दोनों धार्मिक स्थलों के बीच यह परंपरा चली आ रही है। उन्होंने कहा कि पूजा पद्धतियां अलग हो सकती हैं, लेकिन ईश्वर एक है और यह परंपरा आपसी भाईचारे एवं सद्भाव का संदेश देती है।

उल्लेखनीय है कि खोले के हनुमानजी मंदिर में अन्नकूट महोत्सव की शुरुआत वर्ष 1971 में महज ढाई किलो अनाज से हुई थी। समय के साथ श्रद्धालुओं की भागीदारी बढ़ती गई और आज यह आयोजन लाखों लोगों की आस्था का केंद्र बन चुका है। भजन-कीर्तन, धार्मिक अनुष्ठानों और विशाल प्रसादी के साथ संपन्न हुआ यह महोत्सव धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और सेवा भावना की मिसाल बना।