नई दिल्ली, 25 नवंबर । दिल्ली उच्च न्यायालय ने बुधवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को बारामूला से लोकसभा सांसद अब्दुल रशीद शेख उर्फ ‘इंजीनियर रशीद’ की उस याचिका पर जवाब दाखिल करने के लिए समय दे दिया, जिसमें उन्होंने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अपने खिलाफ आरोप तय किए जाने को चुनौती दी है। जस्टिस सचिन दत्ता की बेंच ने ईडी के अनुरोध को स्वीकार करते हुए मामले की अगली सुनवाई 16 दिसंबर के लिए सूचीबद्ध की है।
सुनवाई के दौरान ईडी की ओर से पेश वकील ने न्यायालय से अनुरोध किया कि उन्हें इस मामले में विशेष लोक अभियोजक से परामर्श करने और आगे के निर्देश लेने के लिए एक सप्ताह का समय चाहिए। उच्च न्यायालय ने इससे पहले 19 नवंबर को रशीद की पुनरीक्षण याचिका पर नोटिस जारी कर ईडी से जवाब तलब किया था।
यह मामला जम्मू-कश्मीर में अलगाववादी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए हवाला के जरिए पाकिस्तान से कथित रूप से धन जुटाने से जुड़ा है। राउज एवेन्यू स्थित स्पेशल एनआईए कोर्ट ने इस मामले में धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत रशीद के खिलाफ आरोप तय किए थे, जिसे उन्होंने अब उच्च न्यायालय में चुनौती दी है।
रशीद के वकीलों का दावा है कि निचली अदालत ने जिन सबूतों और ईमेल के आधार पर आरोप तय किए हैं, उनका सीधा संबंध रशीद से नहीं है। वहीं, ईडी का आरोप है कि आरोपितों ने हवाला और अवैध माध्यमों से करोड़ों रुपये की राशि जुटाई और उसका इस्तेमाल घाटी में अस्थिरता फैलाने एवं अलगाववादी गतिविधियों के वित्तपोषण के लिए किया।
