बलरामपुर, 06 नवंबर । बलरामपुर जिले में दीपावली के दौरान मिलावटी और गुणवत्ताविहीन खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। जिले के सभी छह विकासखंडों में होटल, ढाबा, मिठाई दुकानों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया जा रहा है। अब तक 22 प्रतिष्ठानों की जांच कर मिठाइयों के 11 नमूने लिए गए हैं, जिन्हें परीक्षण के लिए रायपुर स्थित राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है।
विभाग की टीम ने बालूशाही, रसगुल्ला, मोतीचूर लड्डू, बेसन लड्डू, जलेबी, खोवा, कलाकंद, चमचम और गुलाबजामुन सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए हैं। इनकी जांच रिपोर्ट मिलने के बाद यदि कोई नमूना अमानक पाया जाता है तो संबंधित प्रतिष्ठान के संचालकों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम और विनियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह ने शुक्रवार काे नागरिकों से अपील की है कि दीपावली पर मिठाई और अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय उनकी गुणवत्ता एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने लोगों से साफ-सुथरे और विश्वसनीय प्रतिष्ठानों से ही खरीदारी करने तथा किसी भी संदिग्ध या मिलावटी खाद्य पदार्थ की जानकारी विभाग को देने की अपील की है।
सीएमएचओ ने खाद्य प्रतिष्ठान संचालकों को भी खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान आम लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। मिलावट या लापरवाही पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
