कुल्लू, 06 नवंबर । जिला कुल्लू पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तीन अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 24.39 ग्राम हेरोइन और 56 ग्राम अफीम बरामद की है।
पहले मामले में मनाली पुलिस थाना की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सियाल स्थित एक निजी होटल में दबिश दी। इस दौरान पंजाब के लुधियाना निवासी 36, 25 और 20 वर्षीय तीन युवकों के कब्जे से 24.100 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। पुलिस ने तीनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत गिरफ्तार किया है।
दूसरे मामले में जिला डिटेक्शन सेल कुल्लू की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर जिया पुल फ्लाईओवर के नीचे पार्वती नदी किनारे बैठे एक युवक की तलाशी ली। हाथीथान (भुंतर) निवासी 35 वर्षीय युवक के कब्जे से 5.29 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इस संबंध में पुलिस थाना भुंतर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया गया है।
वहीं, तीसरे मामले में बंजार पुलिस की टीम ने पुराने बस अड्डे के समीप यातायात जांच के दौरान एक वाहन को रोककर तलाशी ली। इस दौरान जल्ली (नित्थर, कुल्लू) निवासी 36 वर्षीय चालक के कब्जे से 56 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस थाना बंजार में एनडीपीएस एक्ट की धारा 18 के तहत मामला दर्ज कर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
एसपी कुल्लू अभिषेक एस ने बताया कि जिला पुलिस नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। तीनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
