देहरादून, 04 नवंबर । केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के छह नवंबर को प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे के मद्देनजर देहरादून में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। वीवीआईपी दौरे के दौरान सुरक्षा में तैनात पुलिस बल को बुधवार को पुलिस लाइन में वरिष्ठ अधिकारियों ने ब्रीफ किया। अधिकारियों ने सभी पुलिसकर्मियों को निर्धारित ड्यूटी स्थल पर समय से पहुंचने, सतर्कता बरतने और सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए।
अमित शाह छह नवंबर को देहरादून के परेड ग्राउंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से आयोजित पदयात्रा और जनसभा में शामिल होंगे। इसके अलावा वह पुलिस लाइन में में आयोजित होने वाली अलंकरण परेड कार्यक्रम में भी शिरकत करेंगे। भाजपा ने परेड ग्राउंड की जनसभा में 25 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार, महानिदेशक अभिसूचना एवं सुरक्षा अभिनव कुमार और अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था वी. मुरुगेशन सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान पुलिसकर्मियों को ड्यूटी शुरू होने से कम से कम तीन घंटे पहले निर्धारित स्थान पर पहुंचने और संबंधित प्रभारी अधिकारी से आवश्यक जानकारी प्राप्त करने के निर्देश दिए गए। उन्हें अपने ड्यूटी स्थल और आसपास के क्षेत्रों का बारीकी से निरीक्षण करने को भी कहा गया।
सुरक्षा व्यवस्था में तैनात सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को पहचान पत्र और ड्यूटी कार्ड साथ रखने के निर्देश दिए गए हैं। नोडल अधिकारियों को सादे कपड़ों और वर्दी में तैनात पुलिसकर्मियों की पहचान सुनिश्चित करने और उनके ड्यूटी कार्ड की जांच करने को कहा गया है। साथ ही पुलिसकर्मियों को अपना निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट नहीं छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्य कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। केवल अधिकृत व्यक्तियों और वाहनों को निर्धारित जांच एवं तलाशी के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। गृह मंत्री से मिलने वाले व्यक्तियों पर भी सुरक्षा की दृष्टि से नजर रखी जाएगी। पूर्व में अधिकृत लोगों को ही एंटी-सबोटाज जांच के बाद कार्यक्रम स्थल में प्रवेश मिलेगा।
कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश और निकासी के निर्धारित बिंदुओं पर प्रत्येक व्यक्ति की डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (डीएफएमडी) और हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (एचएचएमडी) से जांच की जाएगी। अधिकारियों ने बैरिकेडिंग पर लोगों के अनावश्यक रूप से खड़े होने पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए हैं।
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद भीड़ के एक साथ बाहर निकलने से भगदड़ की आशंका को देखते हुए निकासी व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है। पुलिसकर्मियों को लाउड हेलर के माध्यम से लोगों को संयमित तरीके से बाहर निकालने और भीड़ पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
वीवीआईपी मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश के लिए जांच अभियान चलाया जाएगा। मार्ग पर स्थित ऊंची इमारतों में रहने वाले लोगों का शत-प्रतिशत सत्यापन करने के साथ पानी की टंकियों, फ्लाईओवर और अन्य संवेदनशील स्थानों की बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) और डॉग स्क्वॉड से जांच कराई जाएगी। इन स्थानों पर आवश्यक पुलिस बल भी तैनात रहेगा।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को मोबाइल फोन का अनावश्यक उपयोग नहीं करने और बिना अनुमति ड्यूटी प्वाइंट नहीं छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
इसके अलावा सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों के होटल, धर्मशालाओं, बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर जांच अभियान चलाने तथा बाहरी और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनका सत्यापन करने के निर्देश दिए गए हैं।
ब्रीफिंग में पुलिस महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था नीलेश आनंद भरणे, पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप और देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल सहित अन्य अधिकारी और पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
