हमीरपुर, 30 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में जरिया थाना के पवई गांव के पास सड़क किनारे खड़ी ट्रॉली से एक युवक की बाइक टकरा गई। इस हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। शुक्रवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
जरिया थाने के कछवांकला गांव निवासी हेमंत (26) बाइक से पवई गांव से अपने घर कछवांकला जा रहा था। पवई गांव के ही बीच सड़क किनारे खड़ी एक ट्रैक्टर ट्राली से उसकी बाइक जा भिड़ी। ट्राली की टक्कर से हेमंत गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोग घायल को सीएचसी राठ ले गए। चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने पर रेफर कर दिया, जहां पर उसकी मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि हेमंत गांव के देवेंद्र का ट्रैक्टर चलाता था। वह देवेंद्र की बाइक लेकर उसके काम से पवई गांव गया था। बताया कि हेमंत की पत्नी मोहिनी की करीब दो साल पहले मौत हो चुकी है। मोहिनी ने अपने दोनों बच्चों के साथ जान दे दी थी। हेमंत के परिवार में उसका छोटा भाई ओमप्रकाश और बहनें संतोषी, प्रांजलि और रोहिणी हैं। जरिया थानाध्यक्ष मनोज पांडेय ने शुक्रवार को बताया शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
