प्रधानमंत्रियों के संग्रहालय में अमूल उत्पादों का नया कियोस्क शुरू

Share

नई दिल्ली, 14 अक्टूबर । प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं पुस्तकालय (पीएमएमएल) ने बुधवार को प्रधानमंत्री संग्रहालय परिसर में अमूल उत्पादों का नया कियोस्क शुरू किया। संग्रहालय के ब्लॉक-एक में स्थित इस कियोस्क का उद्घाटन पीएमएमएल की कार्यकारी समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने किया। इस अवसर पर पीएमएमएल के निदेशक अश्वनी लोहानी भी मौजूद थे।

पीएमएमएल की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, कियोस्क का उद्देश्य संग्रहालय आने वाले लोगों को जलपान और हल्के नाश्ते की सुविधा उपलब्ध कराना है। इससे खास तौर पर परिवारों और युवा आगंतुकों को सुविधा मिलेगी।

कियोस्क पर अमूल के 400 से अधिक उत्पाद उपलब्ध होंगे। इनमें डेयरी उत्पाद और विभिन्न प्रकार के स्नैक्स शामिल हैं। इससे संग्रहालय परिसर में आगंतुकों को परिचित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य उत्पाद आसानी से मिल सकेंगे।

पीएमएमएल के अनुसार, यह पहल प्रधानमंत्री संग्रहालय आने वाले लोगों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए उनके लिए सुविधाजनक, सुलभ और स्वागतपूर्ण अनुभव सुनिश्चित करने के प्रयासों का हिस्सा है।