मंडी, 11 अक्टूबर । स्वर्ण जयंती उत्कृष्ट राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कटौला में आयोजित सात दिवसीय एनएसएस विशेष शिविरआयोजित किया गया। समापन समारोह में विद्यालय प्रबंधन समिति एसएमसी के सदस्य प्रशांत बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे। शिविर में कुल 50 स्वयंसेवी विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिनमें 29 छात्राएं और 21 छात्र शामिल थे।
मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों की अनुशासन, सेवा भावना और जिम्मेदारी के साथ शिविर की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रशंसा की। विद्यालय एनएसएस यूनिट के प्रोग्राम ऑफिसर मनीष कपूर और कृष्णा ने शिविर के दौरान स्वयंसेवियों का समय-समय पर उत्साहवर्धन किया।
सात दिनों के दौरान स्वयंसेवियों ने स्वच्छता, सामाजिक जागरूकता, व्यक्तित्व विकास एवं सामुदायिक सेवा से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लिया। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना था।
शिविर के दौरान छात्र संवाददाताओं ने प्रतिदिन शाम को अपनी रिपोर्ट प्रोग्राम ऑफिसर को सौंपी, जबकि विद्यार्थियों को अलग-अलग विषयों पर अपने विचार रखने के लिए भी प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का सबसे रोचक पहलू स्वयंसेवियों द्वारा रखी गई दैनिक डायरी रही, जिसे शिविर समाप्त होने पर उन्होंने प्रोग्राम ऑफिसर को सौंप दिया। समापन समारोह के दौरान मुख्य अतिथि ने सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवियों को स्वर्ण पदक पहनाकर तथा मोमेंट्स देकर सम्मानित किया।
