पलामू, 16 अक्टूबर । पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में वाहन चोरी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने छापेमारी कर मोटरसाइकिल चोरी गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के पास से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। दोनों मोटरसाइकिलों के नंबर प्लेट हटाए गए थे। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। दोनों आरोपित को शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
15 अक्टूबर को हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के हरिहर चौक जाने वाले मार्ग पर मेन गेट के पास वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस बल को देखकर मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्ध युवक तेजी से भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया और दोनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में दोनों युवक चोरी की मोटरसाइकिल पर सवार होकर जपला में मेला घूमने जाने की बात स्वीकार की। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बिहार के औरंगाबाद जिले के कुटुंबा थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपरा बगाही गांव निवासी बिट्टू कुमार (20), पिता विनोद सिंह, तथा अभिषेक कुमार सिंह (22), पिता अर्जुन सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने बिट्टू कुमार के पास से स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल और अभिषेक कुमार सिंह के पास से स्प्लेंडर प्रो मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों आरोपितों ने नशे की लत और महंगे शौक पूरे करने के लिए मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की है। उन्होंने हुसैनाबाद, हैदरनगर, टंडवा और नवीनगर सहित विभिन्न क्षेत्रों में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की जानकारी दी है। गिरोह के अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर कई गाड़ियां चुराने की बात भी सामने आई है।
