दरभंगा, 12 सितंबर । बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार, दरभंगा के तत्वावधान में शनिवार को व्यवहार न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। इसका उद्घाटन प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार संतोष कुमार पांडेय, जिलाधिकारी कौशल कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रड्डी जला रड्डी एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव आरती कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कहा कि लोक अदालत का उद्देश्य आपसी सहमति और सुलह के आधार पर विवादों का त्वरित एवं सुलभ समाधान करना है। इससे न्यायालयों में लंबित मामलों का बोझ कम होने के साथ आम लोगों को शीघ्र न्याय उपलब्ध होता है। जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने भी लोगों से अधिकाधिक संख्या में लोक अदालत का लाभ उठाने की अपील की।
लोक अदालत के सफल संचालन के लिए जिले में कुल 30 बेंच गठित किए गए। इनमें व्यवहार न्यायालय दरभंगा में 22, बेनीपुर में चार तथा बिरौल में चार बेंच शामिल थे। विभिन्न बेंचों पर शमनीय आपराधिक मामलों, एनआई एक्ट की धारा 138, बैंक ऋण, मोटर दुर्घटना दावा, श्रम, विद्युत एवं पानी बिल, वैवाहिक, भूमि अधिग्रहण, सेवा एवं राजस्व मामलों सहित अन्य दीवानी वादों की सुनवाई की गई।
आम नागरिकों की सुविधा के लिए ट्रैफिक चालानों के निपटारे हेतु विशेष काउंटर भी लगाए गए। जिला परिवहन पदाधिकारी के अनुसार करीब 1500 ट्रैफिक चालानों का निपटारा किया गया। उद्घाटन के बाद प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने विभिन्न काउंटरों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।