पलामू, 13 सितंबर । पलामू जिले की नावाजयपुर थाना पुलिस ने एक ही रजिस्ट्रेशन नंबर की दो बाइक रखकर धोखाधड़ी करने के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने चुरादोहर गांव में छापेमारी कर दो हीरो स्प्लेंडर प्रो बाइक बरामद की हैं। दोनों बाइक पर एक ही रजिस्ट्रेशन नंबर (जेएच03 एम-4179) अंकित था। मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि चोरी की बाइक बेचने का आरोपित फरार है।
पाटन अंचल के पुलिस निरीक्षक सुरेश कुमार मंडल ने रविवार को बताया कि 12 सितंबर को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चुरादोहर निवासी जितेंद्र सिंह (44) के घर में एक ही नंबर की दो बाइक रखी हुई हैं। सूचना के सत्यापन के बाद उनके और नावाजयपुर थाना प्रभारी सतीश कुमार गुप्ता के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने जितेंद्र सिंह के घर पर छापेमारी कर दोनों बाइक बरामद कर लीं।
पुलिस पूछताछ में जितेंद्र सिंह ने बताया कि बरामद दोनों बाइकों में एक उसकी अपनी है, जबकि दूसरी बाइक उसने अपने पड़ोसी उमेश सिंह के माध्यम से उसके रिश्तेदार सचिता महतो से 25 हजार रुपये में खरीदी थी। पुलिस के अनुसार, चोरी की बाइक की पहचान छिपाने के उद्देश्य से उस पर जितेंद्र की बाइक का नंबर प्लेट जेएच 03एम-4179 लगा दिया गया था। वहीं बाइक के चेसिस नंबर को भी खुरचकर मिटाने का प्रयास किया गया था।
पुलिस ने इंजन नंबर की जांच की तो दूसरी बाइक का वास्तविक रजिस्ट्रेशन नंबर (जेएच 03 के -4395) पाया गया। जांच में यह बाइक तरहसी थाना क्षेत्र के लालगाड़ा निवासी उज्ज्वल कुमार गिरी के नाम से पंजीकृत मिली। उज्ज्वल कुमार गिरी ने पुलिस को बताया कि उनकी बाइक 17 जुलाई 2019 को डालटनगंज सदर अस्पताल के समीप से चोरी हो गई थी। इस संबंध में डालटनगंज शहर थाना में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई थी।
मामले में नावाजयपुर थाना में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जितेंद्र सिंह और उमेश सिंह (33) को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं चोरी की बाइक बेचने के आरोपित सचिता महतो (45), निवासी मटलोंगा, तरहसी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।