अंतरराज्यीय चोर गिरोह के पांच आरोपित गिरफ्तार

Share

पलामू, 27 सितंबर । पलामू, गढ़वा और लातेहार के विभिन्न शहरी क्षेत्रों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले चोर और चोरी के समान खरीदने वाले गिरोह का पलामू पुलिस ने उद्भेदन किया है। पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने रविवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि इस चोर गिरोह के पकड़े जाने से अकेले मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के लगभग सात से आठ कांडों का उद्भेदन हुआ है।

उन्होंने बताया कि लगातार चोरी की घटनाओं को देखते हुए सदर एसडीपीओ राजेश यादव के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया, जिसने चोरों की धर पकड़ के लिए झारखंड के अलावा बिहार और ओडिशा जैसे अलग-अलग राज्यों में लगातार छापेमारी की।

पुलिस की इस सघन कार्रवाई के दौरान सबसे पहले पुलिस ने ओडिशा से राजू कुमार और राजकुमार को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपितों से पूछताछ के बाद मिले बयान और निशानदेही के आधार पर लक्ष्मण मोदी और अरविंद खरवार को भी गिरफ्तार किया गया। चोरी के आभूषण खरीदने वाले बिहार के डेहरी के ज्वेलर्स दुकान मालिक प्रमोद सोनी को गिरफ्तार किया गया।

इस प्रकार पुलिस ने कुल पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया, जिनके पास से लगभग 45 ग्राम माला और सोने का लॉकेट, करीब 80 ग्राम सोने के आभूषण, 7.8 किलोग्राम चांदी के आभूषण, चोरी करने में इस्तेमाल छेनी, हथोड़ा, कटर सहित अन्य सामान बरामद किये गए हैं।

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार किए गए राजू कुमार और राजकुमार गले में रस्सी बांधकर गौ हत्या लगने के बहाने लोगों से सहानुभूति और चंदा मांगते थे और इसी आड़ में घरों की रेकी (निगरानी) किया करते थे।

वे खाली या सुनसान जगहों और घरों को चिन्हित कर अपने अन्य साथियों को इसकी सूचना देते थे, जिसके बाद गिरोह के बाकी साथी रात में आकर चोरी की घटना को अंजाम देकर फरार हो जाते थे।

चोरी करने के ठीक अगले दिन वे सारा माल ले जाकर बिहार के डेहरी के ज्वेलर्स दुकान के संचालक प्रमोद सोनी को बेच दिया करते थे। यह गिरोह पिछले कई महीनों से सक्रिय था। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस कांड में शामिल अन्य फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी की जा रही है और उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।