दुर्गोत्सव को लेकर कई समितियों के साथ केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति ने की बैठक

Share

पूर्वी सिंहभूम, 27 सितंबर । केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति, जमशेदपुर के तत्वावधान में रविवार को टेल्को, गोविंदपुर और बिरसानगर थाना क्षेत्रों की दुर्गा पूजा समितियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। साबुज कल्याण संघ के सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के मानद अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने की। बैठक में शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से दुर्गा पूजा आयोजन को लेकर पूजा समितियों और पुलिस प्रशासन के बीच समन्वय पर विस्तार से चर्चा हुई।

कार्यक्रम की शुरुआत केंद्रीय शांति समिति के सदस्य प्रदीप कुमार दास द्वारा प्रस्तुत मां दुर्गा की स्तुति से हुई। बैठक में टेल्को थाना प्रभारी एवं वरीय पुलिस निरीक्षक सुरेश प्रसाद, गोविंदपुर थाना प्रभारी एवं सहायक पुलिस निरीक्षक पवन कुमार तथा बिरसानगर थाना प्रभारी कमलेश कुमार मौजूद रहे। केंद्रीय शांति समिति के महामंत्री आशुतोष सिंह, सचिव रामबाबू सिंह, प्रमोद तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी भी मंच पर उपस्थित थे।

बैठक का संचालन केंद्रीय शांति समिति के वरिष्ठ सदस्य नंदलाल सिंह ने किया। उन्होंने विभिन्न पूजा समितियों के प्रतिनिधियों का केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों से परिचय कराया। इसके बाद पूजा के दौरान आने वाली संभावित चुनौतियों, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासन के साथ समन्वय को लेकर चर्चा हुई।

केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह और महामंत्री आशुतोष सिंह ने सभी पूजा समितियों से पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की। उन्होंने ध्वनि विस्तारक यंत्रों का निर्धारित समय और तय मानकों के अनुरूप इस्तेमाल करने तथा पंडालों में प्रवेश और निकास की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने प्रत्येक पंडाल में अग्निशमन उपकरण उपलब्ध रखने और प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करने पर जोर दिया।

पूजा समितियों से स्वयंसेवकों की सूची जल्द संबंधित थानों में जमा करने का भी आग्रह किया गया, ताकि भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सके।

टेल्को थाना प्रभारी सुरेश प्रसाद ने पूजा समितियों से प्रशासन को सहयोग करने की अपील की। उन्होंने पंडाल और प्रतिमा की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने, पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग दर्शन व्यवस्था करने तथा विसर्जन के दिन प्रशासन द्वारा निर्धारित समय और मार्ग का अनिवार्य रूप से पालन करने पर जोर दिया।

तीनों थाना क्षेत्रों के पुलिस पदाधिकारियों ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूजा समितियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखेगी। नशाखोरी, तेज रफ्तार वाहन चलाने और पूजा के दौरान माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखने की बात कही गई। पुलिस अधिकारियों ने पूजा समितियों से किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

बैठक में राममंदिर दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष चंद्रभान सिंह ने पूजा के दौरान प्रमुख स्थानों पर पुलिस पिकेटिंग और भीड़ नियंत्रण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया।