पलामू, 02 सितंबर । जिले के हरिहरगंज शहर के मेन बाजार में बुधवार को नगर प्रशासन ने सैरात वसूली को लेकर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी फैजूर रहमान अंसारी ने किया। इस दौरान सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमण को लेकर दुकानदारों और व्यवसायियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कार्यपालक पदाधिकारी फैजूर रहमान अंसारी ने कहा कि सरकारी जमीन का उपयोग करने वाले सभी लोगों को नियमानुसार सैरात शुल्क देना होगा, जो लोग सैरात शुल्क नहीं देना चाहते हैं, वे सरकारी जमीन से अपना अतिक्रमण स्वतः हटा लें।
नगर प्रशासन सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं करेगा। हमारा उद्देश्य बाजार क्षेत्र को व्यवस्थित रखना और सरकारी जमीन का नियमानुसार उपयोग सुनिश्चित करना है। अतिक्रमण करने वालों को पहले आवश्यक निर्देश दिए जा रहे हैं, ताकि वे स्वयं अपनी व्यवस्था कर लें। इसके बावजूद यदि कोई व्यक्ति नियमों का पालन नहीं करता है, तो नगर प्रशासन नियमानुसार कार्रवाई करेगा।
अभियान के दौरान नगर प्रशासन की टीम ने मेन बाजार में सड़क और सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमण का जायजा लिया और संबंधित लोगों से सैरात शुल्क जमा करने या अतिक्रमण हटाने की अपील की।
अधिकारियों ने कहा कि बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण के कारण आम लोगों को आवागमन में परेशानी होती है, जिसे देखते हुए अभियान आगे भी जारी रखा जाएगा।
वहीं कई प्रबुद्ध लोगों ने नगर प्रशासन के इस निर्देश को जनविरोधी बताया है। उन्होंने कहा कि हरिहरगंज में अभी नगरीय सुविधाओं की घोर कमी है, बावजूद इसके वैसे छोटे छोटे फुटपाथी दुकानदार जो किसी तरह रोजी रोटी चला रहे हैं उनसे टैक्स वसूली के लिए दबाव देना अनुचित होगा।
अभियान में सिटी मैनेजर नजीबुल्लाह अंसारी, जेई कुलदीप कुमार और एसआई संजय कुमार सिंह सहित नगर प्रशासन के अन्य कर्मी मौजूद थे।