जबलपुरः 10 किलो गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार

Share

जबलपुर, 13 सितंबर । मध्य प्रदेश के जबलपुर में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। क्राइम ब्रांच और मदनमहल थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मॉडल रोड स्थित लॉयड गैलरी के सामने दबिश देकर एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 10 किलो 168 ग्राम गांजा, एक एंड्रायड मोबाइल और दो बैग बरामद हुए हैं। जब्त गांजे की कीमत करीब 5 लाख 8 हजार 400 रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार, शनिवार-रविवार की दरमियानी रात क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लॉयड गैलरी के सामने एक संदिग्ध व्यक्ति बस से उतरकर दो बैग लेकर खड़ा है। सूचना पर टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर संदिग्ध को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान रवि कुमार पिता बबन ओझा (50), निवासी ग्राम इस्माईलपुर, थाना मेंहदिया, जिला अरवल, बिहार के रूप में हुई। वह वर्तमान में झारसुगड़ा, ओडिशा में रह रहा था।

तलाशी के दौरान हरे और नीले रंग के दोनों बैगों में पांच-पांच पैकेट मिले। जांच में सभी पैकेटों में गांजा पाया गया। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह पाटन रोड, जबलपुर के पास रहने वाले मलखान नामक व्यक्ति के साथ बस से आया था। तीनपत्ती बस स्टैंड पर मिलने की बात होने के कारण वह बस से कुछ दूरी पहले उतर गया था। आरोपी ने गांजे के संबंध में पूरी जानकारी मलखान को होने की बात कही है।

मदनमहल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब गांजे के स्रोत और मलखान की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।