जिला अस्पताल में रक्तदान शिविर

Share

बलरामपुर, 17 सितंबर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत आज गुरुवार को जिला चिकित्सालय बलरामपुर में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। कृषि मंत्री रामविचार नेताम शिविर में शामिल हुए और रक्तदाताओं से मुलाकात कर उनके अनुभव जाने। इस दौरान उन्होंने कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी सहित रक्तदान करने वाले सभी लोगों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और रक्तदान जैसे सामाजिक कार्य में भागीदारी के लिए उनका आभार जताया। रेडक्रॉस सोसायटी और दीनहीन सेवा समिति के सहयोग से आयोजित शिविर में नागरिकों ने रक्तदान किया।

कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका जीवन राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित रहा है। उनकी सेवा यात्रा से प्रेरणा लेकर देशभर में जनकल्याण से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश के निरंतर विकास की कामना की।

मंत्री ने कहा कि रक्तदान मानवता की महत्वपूर्ण सेवा है। एक व्यक्ति का रक्त किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने में सहायक बन सकता है और संकट की स्थिति में किसी परिवार को बड़ी राहत मिल सकती है। उन्होंने मितानिनों और महिलाओं से भी स्वास्थ्य अनुकूल होने पर समय-समय पर रक्तदान करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि महिलाओं में एनीमिया की समस्या को देखते हुए रक्तदान से पहले स्वास्थ्य जांच जरूरी है। उन्होंने सीएमएचओ को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य जांच के बाद रक्तदान के लिए उपयुक्त पाए जाने वाले लोगों से ही रक्त लिया जाए।

शिविर में रेडक्रॉस सोसायटी के सभापति ओमप्रकाश जायसवाल, जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत के सदस्य, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर, जिला पंचायत सीईओ आशुतोष चतुर्वेदी, सीएमएचओ विजय सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, मितानिन और एएनएम भी उपस्थित रहीं।

सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित रक्तदान शिविर के माध्यम से नागरिकों ने रक्तदान कर जरूरतमंदों की मदद के लिए अपनी भागीदारी दर्ज कराई। अभियान ने लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान और मानवता की सेवा के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।