देवरिया, 26 सितंबर । उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया में सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार काे रामपुर कारखाना विकासखंड के सभागार में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रामपुर कारखाना विधायक सुरेंद्र चौरसिया ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली 220 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को अंगवस्त्र व सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान हेल्थी बेबी प्रतियोगिता में तीन बच्चे प्रथम, द्वितीय व तृतीय चुनें गए। दो बच्चों का अन्नप्राशन एवं दो गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कराई गई। कुपोषित एवं अति कुपोषित श्रेणी से स्वस्थ हुए दो बच्चों के माता-पिता को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विधायक सुरेंद्र चौरसिया ने कहा कि बच्चों और गर्भवती महिलाओं के पोषण एवं स्वास्थ्य की देखभाल में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उनके द्वारा बच्चों की देखभाल, उचित पोषण, संस्कार एवं शिक्षा के साथ गर्भवती महिलाओं की देखरेख के लिए किए जा रहे कार्य सराहनीय हैं। उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को सम्मानित करने से उनका हौसला और मनोबल बढ़ेगा तथा विभागीय कार्यों को भी और गति मिलेगी।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि त्रिलोकी नाथ त्रिपाठी, सीडीपीओ, वरिष्ठ सहायक सूरज कौनौजिया, प्रियांशी मणि त्रिपाठी, ऋषिका पाण्डेय, बरियारपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष दिवाकर चंद्र यादव, भाजपा मंडल अध्यक्ष, संबंधित भाजपा कार्यकर्ता तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।