सुपौल, 26 सितंबर । सदर थाना क्षेत्र के बेरो पंचायत अंतर्गत बेरो-पालसपुर रोड पर तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति की इलाज के दौरान शनिवार को मौत हो गई। मृतक की पहचान बेरो पंचायत के वार्ड नंबर-7 स्थित झंझारपुर निवासी इंदु यादव के रूप में हुई है। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, इंदु यादव शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे रोज की तरह दूध लेकर बेरो में बेचने जा रहे थे। इसी दौरान कृपाल यादव के घर के सामने तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इंदु यादव सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल इंदु यादव को इलाज के लिए सुपौल सदर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान शनिवार को उनकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार, स्थानीय लोगों से जानकारी मिली है कि जिस बाइक से हादसा हुआ, उस पर बबलू पासवान और मुकेश पासवान सवार बताए जा रहे हैं।
हालांकि दुर्घटना में शामिल बाइक और चालक की आधिकारिक पहचान की पुलिस ने अभी पुष्टि नहीं की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार बाइक सवार की तलाश में जुटी है। इंदु यादव की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों के साथ-साथ बाइक और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।