57 ग्राम स्मैक के साथ एक युवक गिरफ्तार

Share

सहरसा, 13 अगस्त ।सदर थाना पुलिस ने नशामुक्ति अभियान के तहत गुरुवार को कार्रवाई करते हुए 57 ग्राम स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि विधि विरुद्ध 14 वर्षीय नाबालिग को विधि निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने दोनों को पटुआहा स्थित हनुमान मंदिर के पास से पकड़ा। बरामद स्मैक को जब्त कर मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है।

प्रभारी एसडीपीओ सह ट्रैफिक डीएसपी ओमप्रकाश ने सदर थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए बताया की कोशी क्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक द्वारा चलाये जा रहे विशेष नशामुक्ति अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक के निर्देश में सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में सदर थाना क्षेत्र में विशेष छापामारी अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में 12 अगस्त को पटुआहा हनुमान मंदिर के समीप दो संदिग्ध युवकों को पुलिस टीम द्वारा पकड़ा गया।

पूछताछ एवं तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद पारदर्शी प्लास्टिक के थैले से 57 ग्राम स्मैक बरामद किया गया।पकड़े गये दोनों की पहचान डुमरैल वार्ड नंबर 21 निवासी अर्जुन यादव के पुत्र शिवा यादव तथा पटुआहा वार्ड नंबर 24 निवासी नाबालिग के रूप में की गई है।छापामारी टीम में सदर थाना के थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक अजय कुमार पासवान, टीओपी- 2 प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक राघवेन्द्र कुमार, टीओपी-1 प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक जितेन्द्र कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।