कपड़ा कारोबारी ने जरगो जलाशय में छलांग लगाई,आठ घंटे बाद मिला शव

Share

मीरजापुर, 21 अगस्त । अहरौरा थाना क्षेत्र के इमलिया चट्टी बाजार में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब 58 वर्षीय कपड़ा कारोबारी मोहन लाल गुप्ता ने रहस्यमय परिस्थितियों में जरगो जलाशय में छलांग लगा दी। करीब आठ घंटे की तलाश के बाद उनका शव बरामद किया गया। हैरानी की बात यह है कि महज दो दिन पहले ही उनके इकलौते बेटे की गोद भराई हुई थी और वह खुद लोगों को मिठाई बांट रहे थे।

इमलिया चट्टी निवासी मोहन लाल गुप्ता बाजार में बड़ी नहर के पास कपड़े की दुकान चलाते थे और दुकान परिसर में ही रहते थे। शुक्रवार सुबह वह बाइक से जरगो जलाशय के फाटक के पास पहुंचे। वहां बाइक खड़ी करने के बाद जूता निकालकर उन्होंने बांध में छलांग लगा दी।

मोहन लाल के घर से निकलने के बाद परिजन उनकी तलाश करते हुए बांध पर पहुंचे। फाटक के पास उनकी बाइक और जूता देखकर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद मछली ठेकेदार की नाव से भी बांध में तलाश शुरू की गई। पुलिस की सूचना पर करीब चार घंटे बाद एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाया। करीब आठ घंटे बाद शव बरामद किया गया।

जिला पंचायत सदस्य पंकज उपाध्याय की मौजूदगी में शव को बांध से बाहर निकालकर इमिलिया चट्टी पुलिस चौकी पहुंचाया गया। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। मोहन लाल के इकलौते बेटा लखनऊ स्थित सचिवालय में नाैकरी करता है। दो दिन पहले ही उसकी गोद भराई का कार्यक्रम हुआ था। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन मोहन लाल ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया, यह अभी रहस्य बना हुआ है।

क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन मोहम्मद फहीम ने बताया कि मृतक के भाई रामप्रकाश गुप्ता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।