महंत बालक देवाचार्य का अखिलेश यादव पर पलटवार, बोले- तथ्यों का अध्ययन कर करें टिप्पणी - सरस जनवाद

महंत बालक देवाचार्य का अखिलेश यादव पर पलटवार, बोले- तथ्यों का अध्ययन कर करें टिप्पणी

Share

वाराणसी, 02 अगस्त (हि. स.)।वाराणसी के पातालपुरी मठ के पीठाधीश्वर महंत बालक देवाचार्य ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के एक ट्वीट पर रविवार को तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि धार्मिक विषयों और संत समाज से जुड़े मामलों पर टिप्पणी करने से पहले तथ्यों का गंभीरता से अध्ययन करना चाहिए।

महंत बालक देवाचार्य ने कहा कि इतिहास और धार्मिक ग्रंथों में छलपूर्वक साधु का वेश धारण करने वालों का अंत बुरा हुआ है। उन्होंने कहा, “रावण और कालनेमी ने साधु का वेश बनाया तो दोनों को दंडित किया गया। पप्पू यादव ने साधु का वेश बनाया तो संत समाज ने केवल एफआईआर दर्ज कराई है।” उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव अपने ट्वीट में मरे हुए रावण की बात कर रहे हैं और बिना तथ्यों के बयान दे रहे हैं।

राम मंदिर निर्माण के दौरान चंदे से जुड़े कथित चोरी के मामले का उल्लेख करते हुए महंत ने कहा कि अब तक इस प्रकरण में किसी साधु का नाम सामने नहीं आया है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के नाम चर्चा में आए हैं, उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज हो चुकी है और जांच एजेंसियां अपना कार्य कर रही हैं।

महंत बालक देवाचार्य ने विश्वास जताया कि जांच पूरी होने पर सच्चाई सामने आ जाएगी और “दूध का दूध, पानी का पानी” हो जाएगा। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले नेताओं को तथ्यों की जानकारी लेकर ही बयान देना चाहिए, ताकि समाज में भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो।