दुष्कर्म के बाद छात्रा को फर्रुखाबाद ले जा रहा था मौलवी, गिरफ्तार

Share

फतेहपुर, 19 अगस्त । उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में मौलवी पर मदरसे में पढ़ने वाली छात्रा के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। बुधवार को दुष्कर्म के बाद मौलवी किशोरी छात्रा को बहला-फुसलाकर अपने गृह जनपद फर्रुखाबाद भगाकर ले जा रहा था। इसी दौरान जानकारी पर परिजनों ने दोनों को रास्ते में पकड़ लिया और पुलिस को सुपुर्द कर दिया।

ललौली थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी गांव के ही मदरसे में पढ़ती है। विगत 16 अगस्त को मौलवी ने किशोरी को रात में मिलने के लिए अपने घर बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। परिजनों का आरोप है कि मदरसे में पढ़ाने वाले मौलवी अब्दुल समद ने किशोरी को अपने झांसे में लिया। आरोपित मूलरूप से फर्रुखाबाद जिले के जहानगंज थाना क्षेत्र के बंथल शाहपुर गांव का निवासी है। किशोरी के घर से गायब होने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरु की और न मिलने पर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बुधवार को खोजबीन के दौरान किशोरी मौलवी के साथ रास्ते में फर्रुखाबाद जाते समय मिली। परिजनों ने दोनों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। किशोरी ने मौलवी पर दुष्कर्म का आरोप लगाया।

थानाध्यक्ष प्रमोद राव ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। किशोरी का मेडिकल परीक्षण के लिए भेजने के साथ ही उसके बयान भी दर्ज कर लिए गये हैं।